28 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘छुट्टी तो रास्ते में ही खत्म!’ दिल्ली-NCR में राखी पर लगा ऐसा जाम, घंटों रेंगती रहीं गाड़ियां

Raksha Bandhan Traffic News: रक्षाबंधन पर घर जाने निकले लोगों को दिल्ली-NCR में भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में मीलों लंबी गाड़ियों की कतार लगी रही और लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे।
2 min read
Google source verification
Delhi NCR Traffic Jam

सरहौल बॉर्डर पर थमी रफ्तार, रक्षाबंधन पर NH-48 पर लगा किलोमीटर लंबा जाम! फोटो सोर्स: IANS

Raksha Bandhan Traffic: रक्षाबंधन से पहले घर जाने के लिए निकले लोगों को दिल्ली-NCR में भारी जाम का सामना करना पड़ा। नोएडा और गाजियाबाद की कई सड़कों पर गुरुवार देर रात को गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। कई जगह लोगों को दो से तीन घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। शाम के समय स्थिति और खराब हो गई।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में लोग नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से अपने घरों के लिए निकले। कोई कार से जा रहा था तो कोई बस पकड़ने के लिए निकला था। बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ सड़क पर आने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।

बारिश ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई जगह पानी भरने से गाड़ियों की रफ्तार और धीमी हो गई।

इन जगहों पर सबसे ज्यादा जाम

नोएडा एक्सप्रेसवे, सेक्टर-62, सेक्टर-63, सेक्टर-37, परी चौक और ग्रेटर नोएडा-दादरी रोड पर काफी जाम रहा। FNG एक्सप्रेसवे और विकास मार्ग पर भी गाड़ियां धीरे-धीरे चलती रहीं।

दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भी हालात खराब रहे। चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज और DND फ्लाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लगी रही। कई लोगों को कुछ किलोमीटर का रास्ता तय करने में ही काफी समय लग गया।

बस स्टैंड पर भी भारी भीड़

रक्षाबंधन पर घर जाने वालों की भीड़ बस स्टैंड पर भी दिखाई दी। नोएडा और गाजियाबाद से आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, कानपुर, लखनऊ और दूसरे शहरों के लिए जाने वाली बसों में काफी भीड़ रही।

बस आने के बाद भी कई यात्रियों को जगह नहीं मिली। कुछ बसें इतनी भरी हुई थीं कि लोगों का चढ़ना तक मुश्किल हो गया। कई यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा।

गाजियाबाद में भी रफ्तार रही धीमी

गाजियाबाद में NH-9, लाल कुआं, इंदिरापुरम, सेक्टर-62 और डासना के आसपास भी ट्रैफिक धीमा रहा। मोहन नगर और RRTS स्टेशन के पास पानी भरने से भी गाड़ियों की रफ्तार पर असर पड़ा।

ट्रैफिक विभाग ने पहले ही भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की थी। NH-9 पर 26 अगस्त सुबह 8 बजे से 28 अगस्त रात 12 बजे तक मालवाहक वाहनों को रोकने का फैसला किया गया था। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या इतनी बढ़ गई कि कई जगह जाम लग गया।

900 से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़कों पर

ट्रैफिक संभालने के लिए 900 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक भारी वाहनों पर रोक लगाने से कुछ राहत मिली, लेकिन रक्षाबंधन के कारण अचानक बढ़ी भीड़ से कई रास्तों पर जाम लग गया।

छुट्टी का बड़ा हिस्सा रास्ते में बीता

घर जाने वाले कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि रास्ते में इतना समय लगेगा। नोएडा से कानपुर जा रहे एक यात्री ने बताया कि सिर्फ NH-9 के सेक्टर-62 चौराहे तक पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया। इसके बाद बस के लिए भी काफी देर इंतजार करना पड़ा।

शाम होने के बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी जाम बढ़ गया। रक्षाबंधन की छुट्टियों के चलते आने वाले दिनों में भी दिल्ली-NCR से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली सड़कों पर भीड़ रहने की संभावना है।