
वीर सावरकर के नाम पर कॉलेज खोलेगा DU
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) जल्द ही अपने दो नए सुविधा केंद्र खोलने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक डीयू के नजफगढ़ के रोशनपुरा और साउथ एक्सटेंशन में खुलने वाले सुविधा केंद्र जल्द ही कॉलेज में तब्दील होंगे। खास बात यह है कि डीयू (DU) इनमें से एक कॉलेज का नाम वीर सावरकर (Veer Savarkar) के नाम पर रखने का विचार कर रहा है। दरअसल, डीयू की एक उच्च स्तरीय कमेटी ने काफी विचार-विमर्श के बाद यह नाम प्रस्तावित किया है। वहीं अब मंगलवार को होने वाली अकादमिक परिषद (AC) की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
मंगलवार को पेश की जाएगी रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, डीयू (DU) जल्द ही नजफगढ़ के रोशनपुरा में 16.35 एकड़ और भाटी कलां में 40 एकड़ जमीन पर कॉलेज खोलेगा। बता दें कि पिछले वर्ष जून में इन कालेजों के नाम संबंधी सुझाव मांगे गए थे। इस पर बड़ी संख्या में शिक्षक समुदाय व अन्य लोगों ने वीर सावरकर का नाम सुझाया है। इन सुझावों के आधार पर डीयू ने एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें पहली बार वीर सावरकर के नाम का जिक्र किया गया है। यह रिपोर्ट बहुत जल्द अकादमिक परिषद (AC) में पेश की जाएगी और मंगलवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
क्या है रिपोर्ट का मसौदा
डीयू की रिपोर्ट में कहा गया है कि रोशनपुरा एवं भाटी कलां में पहले सुविधा केंद्र खोला जाएगा। इससे दक्षिणी दिल्ली, बाहरी व पश्चिमी दिल्ली में रहने वाले छात्रों को दाखिले व परीक्षा संबंधी कार्यो के लिए नार्थ एवं साउथ कैंपस नहीं जाना पड़ेगा। दस्तावेज संबंधी सभी काम सुविधा केंद्र में होंगे। फीस, मार्कशीट आदि संबंधी कार्य यहीं होंगे। बाद में इन सुविधा केंद्रों को कॉलेज में तब्दील कर दिया जाएगा।
डीयू कुलसचिव ने दी जानकारी
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि विचार-विमर्श के दौरान इन दोनों कालेजों के लिए कई नाम सुझाए गए थे, जिसमें पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वीर सावरकर, स्वामी विवेकानंद व सरदार पटेल प्रमुख हैं। इन नामों पर अकादमिक परिषद (AC) एवं कार्यकारी परिषद (EC) में चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि यही दोनों कमेटियां नाम संबंधी प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाएंगी।
Published on:
22 Aug 2021, 10:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.