
विजय शंकर मीणा। फाइल फोटो- आईएएनएस
DUSU Election 2026 Result: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। NSUI की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रहे विजय शंकर मीणा ने चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव हारे नहीं हैं, बल्कि जीते हैं। मीणा ने चुनाव में कथित फर्जी वोटिंग और छात्रों पर दबाव डालकर मतदान कराने के आरोप भी लगाए हैं। विजय शंकर मीणा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के जिन छात्रों ने उनका समर्थन किया, वे उनका आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कॉलेजों में मतदान प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी हुई। मीणा के मुताबिक स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज, रामजस कॉलेज और शिवाजी कॉलेज समेत कुछ संस्थानों में कथित तौर पर छात्रों को जबरन वोट देने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ छात्रों के पहचान पत्र ले लिए गए थे।
मीणा ने कहा कि इन मामलों को लेकर एनएसयूआई की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और अब इस पूरे मामले को अदालत में ले जाया जाएगा। मीणा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उनका कहना है कि छात्रों के मतदान के अधिकार और चुनाव की निष्पक्षता से जुड़े इन मामलों को अदालत के सामने रखा जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की तीन सीटों पर जीत हुई। चुनाव परिणाम के अनुसार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव पद पर जीत दर्ज की है। नतीजे को लेकर एबीवीपी ने कहा है कि हमने 3-1 से जीत दर्ज की है। इसने यह स्पष्ट कर दिया कि आज का युवा विकास और राष्ट्रवाद की सोच से जुड़ा हुआ है। दिल्ली विश्वविद्यालय को विविधताओं से भरे ‘मिनी-इंडिया’ के रूप में देखा जाता है। ऐसे में डूसू चुनाव का परिणाम छात्र राजनीति के साथ-साथ युवाओं के बीच विकास और राष्ट्रवाद जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा का विषय बना है। दूसरी ओर, डूसू चुनाव में तीन सीटों पर मिली शानदार जीत को एबीवीपी ने इसे राष्ट्रविरोधी ताकतों पर देशभक्ति की विजय बताया है।
Updated on:
19 Sept 2026 08:10 pm
Published on:
19 Sept 2026 05:39 pm
