3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

समझौते के नाम पर बिहार से दिल्ली बुलाया, फिर कर दी हत्या; 12 हजार KM पीछा कर 8 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Crime Latest News: बिहार के सुपौल के समाजसेवी गुड्डू बादशाह की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, समझौते के बहाने गुड्डू को दिल्ली बुलाकर गोली मार दी गई थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 5 राज्यों में करीब 12 हजार किलोमीटर तक पीछा किया।
2 min read
Google source verification
Guddu Badshah Murder Case

दिल्ली पुलिस ने गुड्डू बादशाह हत्याकांड में पांच राज्यों में कार्रवाई कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स:ANI)

Delhi Murder Case:बिहार के सुपौल के रहने वाले समाजसेवी गुड्डू बादशाह की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते गुड्डू को पहले समझौते के लिए दिल्ली बुलाया गया और फिर एक सुनसान जगह पर ले जाकर गोली मार दी गई।

पुलिस के मुताबिक, गुड्डू को बिहार से दिल्ली बुलाने के लिए आरोपियों ने उनसे समझौता करने की बात कही थी। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके में एक किराए के ठिकाने पर ले जाया गया। यहीं उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और लगातार ठिकाने बदलते रहे। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों तक पहुंचने की थी।

जिस शख्स ने खुद को पीड़ित बताया, उसी पर शक

जांच में पुलिस को गुड्डू के परिचित फारुख की भूमिका पर शक हुआ। घटना के दौरान फारुख भी घायल हुआ था। शुरुआत में उसने खुद को पीड़ित बताया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

लेकिन बाद में उसकी बातों और कॉल रिकॉर्ड में कुछ ऐसी चीजें सामने आईं, जिससे पुलिस का शक उस पर बढ़ गया। तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी कथित भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के मुताबिक, शमशाद और अशफाक ने इंटरनेट कॉल के जरिए हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद दूसरे लोगों को भी इस साजिश में शामिल किया गया।

पांच राज्यों में तलाश, 12 हजार किलोमीटर तक पीछा

हत्या के बाद आरोपी एक जगह टिककर नहीं रहे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड के साथ-साथ दूसरी तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके अलावा पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों पर जाकर भी सुराग तलाशे।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों का करीब 12 हजार किलोमीटर तक पीछा किया गया और पांच राज्यों में दबिश दी गई। आखिरकार पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में फारुख, आफताब, इरफान, शमशाद, अशफाक, रहमतुल्लाह उर्फ छोटू, अमन यादव और शोएब अख्तर शामिल हैं।

पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल, मैगजीन और कारतूस भी बरामद किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में इसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या किसी दूसरे हथियार का।

पुलिस बाकी संभावित आरोपियों और हथियारों की भी तलाश कर रही है। साथ ही पुरानी रंजिश की वजह और गुड्डू को दिल्ली बुलाने की पूरी योजना के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।