
Rajya Sabha Election 2022 Result: राज्यसभा चुनावों के नतीजे घोषित, जानें कहां-कौन से जीता?
राज्यसभा चुनाव में 4 राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और राजस्थान की शेष बचीं 16 सीटों के लिए आज मतदान हुए। इनमें महाराष्ट्र (6 सीटें), हरियाणा ( 2 सीटें), राजस्थान (4 सीटें) और कर्नाटक (4 सीटें) चार राज्य शामिल हैं। तो वहीं राजस्थान और कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग तो हरियाणा में हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप भी लगाए गए। चारों ही राज्यों में मुकाबला जोरदार है क्योंकि सभी जगह पार्टियों ने विधानसभा में उनकी विधायी ताकत की तुलना से ज्यादा उम्मीदवार उतारे।
राज्यसभा की कुल 57 सीटें (15 राज्यों की) खाली हुई थी। इनमें से 41 पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए। उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, तेलंगाना, झारखंड और उत्तराखंड में सभी 41 उम्मीदवारों को पिछले शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान खत्म हो चुका है। वोटों की गिनती शुरु हो चुकी है और अब उनके नतीजे आने लगे हैं।
राजस्थान के नतीजे घोषित, कांग्रेस को 3 तो BJP को 1 सीट, सुभाष चंद्रा हारे
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। यहां कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि एक सीट बीजेपी जीती है। कांग्रेस से रणदीप सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी चुनाव जीत लिया हैं। जबकि बीजेपी से घनश्याम तिवारी चुनाव जीत गए हैं। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा। रणदीप सुरजेवाला को मिले 43 वोट, मुकुल वासनिक को मिले 42 वोट, वासनिक के खाते का एक वोट हुआ रिजेक्ट। घनश्याम तिवाड़ी को 43 वोट मिले, प्रमोद तिवारी को 41 वोट मिले। कांग्रेस कैम्प में खुशी का माहौल है। डॉ. सुभाष चंद्रा को 30 वोट मिले। वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा, "प्रदेश में संपन्न हुए राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के तीनों उम्मीदवारों मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला और प्रमोद तिवारी के विजयी होने पर मैं हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, "राजस्थान में तीन राज्यसभा सीटों पर कांग्रेस की विजय लोकतंत्र की जीत है। मैं तीनों नवनिर्वाचित सांसदों श्री प्रमोद तिवारी, श्री मुकुल वासनिक एवं श्री रणदीप सुरजेवाला को बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि तीनों सांसद दिल्ली में राजस्थान के हक की मजबूती से पैरवी कर सकेंगे। यह शुरू से स्पष्ट था कि कांग्रेस के पास तीनों सीटों के लिए जरूरी बहुमत है। परन्तु भाजपा ने एक निर्दलीय को उतारकर हॉर्स ट्रेडिंग का प्रयास किया। हमारे विधायकों की एकजुटता ने इस प्रयास को करारा जवाब दिया है। 2023 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को इसी तरह हार का सामना करना पड़ेगा।"
कर्नाटक के नतीजे घोषित, बीजेपी ने हासिल किए 3 सीट
कर्नाटक में बीजेपी को तीन, कांग्रेस को एक सीट मिली है। यहां कांग्रेस से जयराम रमेश और बीजेपी से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अभिनेता से नेता बने जागेश और एमएलसी लहर सिंह सिरोया को जीत हासिल हुई। मतगणना के दूसरे दौर में जग्गेश को 44, जयराम रमेश को 46, निर्मला सीतारमण को 46, कुपेंद्र रेड्डी को 30, मंसूर अली खान को 25, लहर सिंह को 33 वोट मिले हैं। आपको बता दें, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को राज्यसभा चुनाव में जीत मिली है। वह कर्नाटक के टिकट पर मैदान में खड़ीं थीं।
Updated on:
10 Jun 2022, 8:57 PM IST
Published on:
10 Jun 2022, 8:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.