
TMC के 20 बागी सांसदों को SC का नोटिस, कल्याण बनर्जी ने दी प्रतिक्रिया। (फाइल फोटो- IANS)
West Bengal Politics: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर चल रही खींचतान अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इन सांसदों में सायोनी घोष, यूसुफ पठान समेत कई चर्चित नाम शामिल हैं।
अभिषेक बनर्जी ने अपनी याचिका में कहा था कि इन सांसदों के खिलाफ दलबदल के आधार पर अयोग्यता की कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन इस मामले में फैसला लेने में देरी हो रही है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से लोकसभा अध्यक्ष को इस मामले पर जल्द फैसला लेने का निर्देश देने की मांग की थी।
दरअसल, TMC के 20 लोकसभा सांसदों ने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के साथ जुड़ने या विलय का दावा किया है। इन सांसदों ने लोकसभा में अलग समूह के तौर पर मान्यता देने की मांग भी की है।
TMC का कहना है कि ये सांसद पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। ऐसे में किसी दूसरे राजनीतिक संगठन के साथ जाना दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई का आधार बन सकता है।
इसी को लेकर अभिषेक बनर्जी ने इन सांसदों के खिलाफ अलग-अलग अयोग्यता याचिकाएं दाखिल की थीं। बाद में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से भी इन मामलों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए 20 सांसदों को नोटिस जारी किया है। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा अध्यक्ष और लोकसभा महासचिव को सीधे नोटिस जारी नहीं किया। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने उनकी ओर से अदालत में पक्ष रखा। अदालत के इस कदम के बाद अब बागी सांसदों को अपना पक्ष रखना होगा। इसके बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।
सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि 20 सांसदों के खिलाफ दलबदल के मामले में दाखिल याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह अभी शुरुआत है और आगे मामले की सुनवाई होगी।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी ने पहले सांसदों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है और इसके बाद विधायकों के मामले में भी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि बागी सांसद इस कानूनी लड़ाई में कितना दम दिखा पाते हैं।
जिन सांसदों को नोटिस जारी हुआ है, उनमें सायोनी घोष, यूसुफ पठान, काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, रचना बनर्जी, माला रॉय, दीपक अधिकारी और जून मालिया समेत कई नाम शामिल हैं।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट का नोटिस सिर्फ शुरुआत है। सांसदों के जवाब के बाद ही साफ होगा कि यह मामला आगे किस दिशा में जाता है। वहीं, TMC और बागी सांसदों के बीच चल रही राजनीतिक लड़ाई अब कानूनी मोर्चे पर भी पहुंच चुकी है।
Updated on:
25 Aug 2026 03:28 pm
Published on:
25 Aug 2026 03:28 pm
