
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधीनगर से मेट्रो ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
अहमदाबाद से गिफ्टसिटी और गांधीनगर के बीच मेट्रो ट्रेन की सोमवार से शुरुआत हो गई। मंगलवार से आम व्यक्ति इस रूट पर सफर कर सकेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-2 (मोटेरा से गांधीनगर) का शुभारंभ किया। मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत व मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ गांधीनगर सेक्टर-1 स्टेशन से गिफ्ट सिटी तक मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। प्रधानमंत्री ने विभिन्न स्टेशनों पर नागरिकों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
मोटेरा से गांधीनगर के फेज-2 मेट्रो रेल के शुभारंभ से पहले प्रधानमंत्री ने स्टेशन की सुविधाओं का निरीक्षण किया और विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस यात्रा में उनके साथ गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, गांधीनगर (उत्तर) विधायक रीता पटेल, गांधीनगर (दक्षिण) विधायक अल्पेश ठाकोर और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस मेट्रो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने 11 छात्रों के साथ संवाद किया।
मेट्रो जब रांदेसण स्टेशन पहुंची, तो वहां स्थानीय नागरिकों और छात्रों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराकर और हाथ हिलाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी के लिए बदलनी होगी ट्रेन
अहमदाबाद के मोटेरा से गिफ्ट सिटी जाने के लिए लोगों को जीएनएलयू स्टेशन से ट्रेन बदलनी होगी। जबकि सीधे सेक्टर-1 तक ट्रेन जाएगी। मोटेरा से सेक्टर-1 तक का सफर 35 मिनट में तय होगा, जबकि उससे पहले जीएनएलयू तक 17 मिनट में ट्रेन पहुंचेगी। मोटेरा से सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मेट्रो ट्रेन चलेगी। सेक्टर एक से सुबह 7.20 से शाम 6.40 बजे तक मेट्रो ट्रेन चलेगी। अभी मेट्रो में दैनिक करीब सवा लाख लोग सफर कर रहे हैं। इस रूट के शुरू होने से यह संख्या काफी बढ़ेगी।
लंबा इंतजार हुआ खत्म: मिनटों में हो सकेगा सफर: चौधरी
विद्यार्थी वोलसी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2015 से जिसका इंतजार था, वह सपना आज साकार हुआ। प्रधानमंत्री द्वारा मेट्रो के उद्घाटन पर एक छात्र के रूप में उपस्थित रहना हमारा सौभाग्य है। अब आम नागरिक भी एसी मेट्रो में कम किराए में शांति से सफर कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की दैनिक परिवहन समस्याओं का समाधान मेट्रो के माध्यम से हुआ है। अब अहमदाबाद से गांधीनगर की यात्रा मिनटों में पूरी की जा सकती है। पीडीईयू की छात्रा जाह्नवी अर्केरी ने कहा कि जब वे पहली बार गांधीनगर आई थीं, तब इस मेट्रो स्टेशन का निर्माण हो रहा था। आज वे इसके उद्घाटन की साक्षी बनी है, जो गर्व का पल है।
कम किराए में अच्छा सफर:तारपरा
कुडासन निवासी धर्म तारपरा ने कहा कि पहली बार जमीन से इतनी ऊंचाई पर मेट्रो ट्रेन देखी। इस मेट्रो में एसी भी है और किराया भी कम है, जिससे हर व्यक्ति इसमें सफर कर सकेगा। अब हमें अहमदाबाद जाने के लिए बस या रिक्शा की जरूरत नहीं पड़ेगी। हम मजे से मेट्रो में सफर करेंगे। गुणवंत पटेल ने कहा कि गांधीनगर में पहली मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसका साक्षी बनने का मुझे गर्व है।
Updated on:
16 Sept 2024 10:17 pm
Published on:
16 Sept 2024 10:17 pm
