24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: सलूंबर जिले में दो चचेरी बहनों की अचानक हुई मौत, अज्ञात बीमारी से इलाके में दहशत

सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में बीते 24 घंटों में दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। मौतों का सिलसिला नहीं थमने से इलाके में भय का माहौल है।

2 min read
Google source verification
Salumbar

जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम (फोटो-पत्रिका)

सलूंबर। जिले के लसाड़िया क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से लगातार हो रही मौतों ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। खजूरी पंचायत के कुंडा गांव में बीते 24 घंटों के भीतर दो चचेरी बहनों की मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, कुंडा गांव में आशु (6) पुत्री तेजा की गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वहीं उसकी चचेरी बहन रुसा (6) पुत्री तनिया की शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे जान चली गई। दोनों ही बच्चियों को उल्टी और दौरे की शिकायत के बाद गंभीर हालत में देखा गया था। रुसा के शव का शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

15 साल की किशोरी भर्ती

इसी गांव की लक्ष्मी (15) पुत्री नंगराज को भी उल्टी और बेहोशी की हालत में लसाड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आ गई और सीएमएचओ डॉ. महेंद्र परमार भी मौके पर पहुंचे।

7 टीमें कर रहीं स्वास्थ्य जांच

जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी के निर्देश पर तत्काल सात मेडिकल टीमें गठित कर क्षेत्र में व्यापक सर्वे शुरू कर दिया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। बच्चों और उनके परिजनों के रक्त सहित अन्य सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं पशुपालन विभाग ने भी पशुओं का सर्वे कर सैंपल एकत्रित किए हैं, जिससे किसी भी संभावित संक्रमण या कारण की जांच की जा सके।

इसी महीने 13 बच्चों की हो चुकी है मौत

गौरतलब है कि इससे पहले भी लसाड़िया क्षेत्र के लालपुरा-घाटा और प्रतापगढ़ जिले के पारसाला इलाके में इसी महीने अज्ञात बीमारी से 13 बच्चों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

टीकाराम जूली पीड़ितों से मिलेंगे

इधर, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शनिवार को लसाड़िया और धरियावद के दौरे पर रहेंगे। वे घाटा और लालपुरा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेंगे।