
नोएडा के सेक्टर-70 में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंची मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बीजेपी सहित मुख्यमंत्री योगी आदिनाथ और पीएम की तारीफ की। वहीं सपा पर जम कर निशाना साधा। आजम खान के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें उनके ऊपर लगे केस के बारे में सोचना चाहिए। राजनीति से उन्हें दूरी बना लेनी चाहिए। साथ ही शिवपाल के बीजेपी में शामिल होने चर्चा अपर्णा ने कहा कि अगर वह बीजेपी में आते हैं तो उनका स्वागत है।
निजी कार्यक्रम में पहुंची थी अपर्णा यादव
एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने सेक्टर-70 पहुंची अपर्णा यादव ने मीडिया से बातचीत में करते हुए सपा और आजम खान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान को राजनीति करने से पहले अपने ऊपर लगे दागों और मुकदमों पर ध्यान देना चाहिए। अभी इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि पद पर रहते हुए उन्होंने क्या गलत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है। भाजपा ने हमेशा राम राज्य के बारे में बात की है।
पीएम और सीएम की तारीफ की
अपर्णा यादव ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि देश व प्रदेश की बागडोर अच्छे हाथों में है और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा रामराज्य की बात की है। राम राज्य में है कहा गया है कि एक राजा को साधु होना चाहिए। उसी के चलते प्रदेश की बागडोर योगी आदित्यनाथ के हाथ में है, जो तारीफ के योग्य हैं। उनकी तारीफ करना कोई नई बात नहीं है। अपर्णा ने कहा कि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ तारीफ के काबिल हैं। इसलिए हर व्यक्ति उनकी तारीफ करता है।
शिवपाल यादव के लिए ये कहा
अपर्णा ने आगे कहा कि भाजपा में ऐसे किसी भी व्यक्ति के लिए स्थान नहीं है, जो आपराधिक मामलों से जुड़ा हुआ हो। शिवपाल यादव द्वारा योगी आदित्यनाथ की तारीफ पर अपर्णा यादव बोलीं कि योगी आदित्यनाथ तारीफ के लायक हैं। उन्होंने कहा कि शिवपाल भाजपा में आना चाहते हैं तो वे शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करें। वहीं अर्पणा से जब सपा के बारे में बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैं भाजपा की हूं तो मुझसे भाजपा के बारे में ही पूछे।
Published on:
28 May 2022, 9:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.