
कैराना में हार के बाद इन मंत्रियों का छिन सकता है पद, मंत्रिमंडल में इनको मिल सकती है जगह
नोएडा। कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली हार के बाद अब माना जा रहा है कि अब कुछ मंत्रियों व दिग्गजों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। वहीं, सोमवार को दिल्ली में हुई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मुलाकात के बाइ इस तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं कि यहां कुछ लोगों का कद बढ़ सकता है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं में खलबली मची हुई है। माना जा रहा है कि वेस्ट यूपी की दोनों सीटें हाथ से जाने के बाद पार्टी हाईकमान यहां के मंत्रियों व नेताओं से खुश नहीं है। वहीं, हार की समीक्षा को लेकर सहारनपुर में भी भाजपा नेताओं की एक बैठक हुई।
अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की हुई मुलाकात
कैराना व नूरपुर उपचुनाव हारने के बाद पहली बार सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की दिल्ली में मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कैराना व नूरपुर में मिली हार को लेकर चर्चा हुई। साथ ही इस मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल और संगठन में फेरबदल के भी कयास लगाए जा रहे हैं।
गुर्जर नेता का बढ़ सकता है कद
माना जा रहा है कैराना में हार के बाद किसी गुर्जर नेता का कद बढ़ सकता है। वहां पर भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह की हार हुई थी, वह गुर्जर समुदाय से हैं इसलिए किसी गुर्जर नेता को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसमें मेरठ दक्षिण के भाजपा विधायक सोमेंद्र तोमर और एमएलसी अशोक कटारिया का नाम सियासी गलियारों में चल रहा है।
इन पर गिर सकती है गाज
वहीं, कैराना में हार की गाज भी किसी मंत्री पर गिर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा और आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी का पद छिन सकता है। आपको बता दें कि सुरेश राणा कैराना लोसकभा सीट के विधानसभा क्षेत्र थानाभवन से विधायक हैं जबकि कैराना के नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से धर्म सिंह सैनी एमएलए हैं।
Published on:
5 Jun 2018, 10:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.