
नोएडा. मेरठ में ओलंपिक पदकवीरों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैडमिंटन खिलाड़ी और नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एलवाई को एक साथ पांच वेतन वृद्धि और 4 करोड़ रुपये नगद इनाम की घोषणा की तो ये यह अपने आप में एक रिकॉर्ड बन गया। देश में पहली बार ऐसा हुआ है जबकि किसी आईएएस को एक साथ पांच वेतन वृद्धि दी गई हो।
आईएएस सुहास एलवाई ने बनाया रिकॉर्ड
जिलाधिकारी सुहास एलवाई को जब ये सब उपहार स्वरूप मिला तो यह भी एक रिकॉर्ड बन गया। पूरे देश में आजादी के बाद से पहली बार ऐसा है जब किसी आईएएस अधिकारी को इस तरह से पांच वेतन वृद्धि एक साथ मिली हो। इसके अलावा वह देश के पहले ऐसे आईएएस अधिकारी हैं जिन्होंने पैरा ओलंपिक में बैंडमिंटन में रजत पदक जीता है। उन्हें अर्जुन पुरस्कार देने की घोषणा भी हो चुकी है। पैरा ओलंपिक में बैंडमिंटन में सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी और आईएएस सुहास एलवाई पर केंद्र और प्रदेश सरकार ने इनामों की झड़ी लगा दी है।
अपने शौक को हमेशा जिंदा रखें युवा-सुहास
जिलाधिकारी सुहास एलवाई का कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था, इतना सम्मान उन्हें मिलेगा। यह वर्ष 2021 उनके लिए यादगार बन गया है। जिसने उन्हें एक अलग पहचान दी है। इस साल में उन्हें उनके खेल ने वह सब कुछ दिया। जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्हें पूरे देश से सम्मान मिला है। वह अपनी इस उपलब्धि को अपने शौक और लगन की जीत बताते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह अपने शौक को हमेशा जिंदा रखें और उसके लिए समय निकालें और कभी भी अपने आत्मविश्वास को खत्म ना होने दें। इससे आप इतिहास रच सकते हैं।
Updated on:
12 Nov 2021, 12:18 PM IST
Published on:
12 Nov 2021, 12:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.