
noida
नोएडा. ई-चालान से यह पता चल जाएगा कि किसी व्यक्ति ने यातायात नियमों का कितने बार उल्लंघन किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्य मार्ग के निर्देश पर नेशनल इफार्मेटिक सेंटर (एनआइसी) ने ई-चालान नाम का एक ऐसा एप व वेब तैयार किया है जिसका इस्तेमाल करने पर परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों को मौके पर ही वाहन व स्वामी दोनों का संपूर्ण डाटा मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगा। यही नहीं वाहन या उसके मालिक ने अब तक कितनी बार यातायात नियमों का उल्लघंन किया है इसकी भी जानकारी हो सकेगी।
ऑन और ऑफ दोनों तरह से हो सकेगा इस्तेमाल
इस एप को परिवहन अधिकारी ऑन लाइन व ऑफ लाइन दोनों तरीकों से इस्तेमाल कर सकेंगे। इस एप को लेकर उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, हिमांचल, गुजरात के परिवहन विभाग के कार्यालयों पर एक साथ परीक्षण किया जा रहा है। स्पॉट पर इसका डेमो भी दिखाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि आगामी वित्तीय वर्ष से पहले नोएडा के परिवहन कार्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्य मंत्रलय की ओर से ई-चालान एप व वेब को लांच किया जा सकता है, क्योंकि पायलेट प्रोजेक्ट के तहत नोएडा व गाजियाबाद के परिवहन कार्यालय को चुना गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) रचना यदुवंशी ने बताया कि परिवहन विभाग की साइट में वाहन व सारथी को ई-चालान के साथ लिंक कर दिया गया है। इससे डीएल व रजिस्ट्रेशन से संबंधित जानकारी मौके पर ही प्राप्त हो जाएगी।
एप में छह आइकन होंगे
इसमें कितने चालान प्रवर्तन अधिकारी ने दिनभर किए, पिछले दिनों में किए, कितने चालान का भुगतान हो गया, कितने चालान कोर्ट भेजे गए आदि की जानकारी होगी। यह भी पता चल जाएगा कि अधिकारी किस स्पॉट पर अभी कार्रवाई कर रहा है। साथ ही गलत जानकारी देने वालों को पकड़ा जा सकेगा। साथ ही अधिकारियों को प्रिंटर कम स्कैन मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे वह मौके पर ही ई-चालान कर सकेंगे।
Published on:
22 Jan 2016 08:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
