
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का आसान तरीका, घर बैठे कर सकते हैं आवेदन
नोएडा। अगर आप भी 18 वर्ष से अधिक के हो गए हैं तो जाहिर है ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सोच ही रहे होंगे। हालांकि कई बार लोग सोचते हैं कि लाइसेंस बनवाने में बड़ा ही झंझट है और दलालों के चक्कर में आकर मोटी फीस देकर लाइसेंस प्राप्त करते हैं।
लेकिन आज हम आपको आसान तरीका बताने का रहे हैं जिससे आप घर बैठे ही लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आपको किसी भी दलाल या आरटीओ के चक्कर भी नहीं काटने होंगे। दरअसल, आरटीओ ने सारथी-4 सॉफ्टवेयर शुरु किया है। जिसपर लोग घर बैठे ही नए लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके जरिए ऑनलाइन ही लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा सकता है।
ऐसे करें लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन
- सबसे पहले आप ऑफिशियल वेबसाइट sarathi.nic.in पर जाएं।
- इसके होमपेज पर “सारथी (लाइसेंस) सेवा” अनुभाग में नए एलएल और डीएल के लिए आवेदन पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन पर क्लिक करें।
- इसके बाद एक नया पेज खुलकर आपके स्क्रीन पर दिखाई देगा, “न्यू लर्निग लाइसेंस” के पास मंडल पर क्लिक करें।
- अब आवेदक विवरण पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर आपको फॉर्म दिखाई देगा। इस फॉर्म को भरें और जमा करें पर क्लिक करें।
- इसके बाद वेबसाइट एक आवेदन संख्या जारी करेगी। भविष्य के लिए इस संख्या को कहीं सेव कर लें और “next step” पर क्लिक करें।
- यहां पर भुगतान पेज दिखाई देगा।
- इस पर भुगतान पूरा करने के बाद आपके लर्निंग लाइसेंस का आवेदन पूरा हो जाएगा।
लर्निंग लाइसेंस आवेदन के बाद होगी ड्राइविंग परीक्षा
आवेदक को ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस आवेदन करने के बाद बायोमीट्रिक और ड्राइविंग परीक्षा देने के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचना होगा। उन्हें किस दिन और किस समय पहुंचना है, इसकी सभी जानकारी आवेदक को ऑनलाइन व फोन पर मैसेज के जरिए मिलेगी।
एआरटीओ प्रशासन ए.के पांडेय ने बताया कि लोगों को लाइसेंस के लिए अब ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यहीं पर उनकी फीस भी जमा की जाएगी। हालांकि इसके बाद उन्हें कार्यालय में सिर्फ परीक्षा देने आना होगा। इस नई प्रणाली से दलालों पर तो लगाम लगेगी ही, साथ ही लोगों को लाइसेंस आदि बनवाने में कठनाई भी नहीं होगी।
Updated on:
3 Jul 2018, 2:02 PM IST
Published on:
3 Jul 2018, 1:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.