मो. इफ्तेखार अहमद
नोएडा. उत्तर प्रदेश में एलपीजी गैस सब्सिडी की तरह अब राशन कार्ड धारकों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सब्सिडी उनके खातों में भेजने की तैयारी चल रही है। बागपत के खेकड़ा ब्लॉक को डीबीटी योजना से जोड़ने का कार्य समाप्त होने के कगार पर है। इस योजना के बाद राशन कार्ड धारकों को अब राशन डीलर के चक्कर नहीं काटने पडेगें। राशन पर मिलने वाली सब्सीडी अब उनके सीधे खाते में जायेगी। इसके लिए खेकड़ा ब्लॉक के लगभग 90 प्रतिशत राशन कार्ड को आधार से जोड़ दिया गया है। इस कार्य में ग्राम प्रधान आंगनवाडी कार्यकर्ता बैंक मित्र , बैंक मैनेजर आदि का सहयोग लिया गया है। इसके बाद भी अगर कोई रह जाता है तो वह जिला कार्यालय पर अपना राशन कार्ड आधार से लिंक करा सकता है। ताकि उन्हें डीबीटी योजना का सीधा लाभ मिल सके। लाभ पाने के लिए परिवार की महिला मुखिया के पास एकल बैंक खाता होना चाहिए, जिस पर राशन की सब्सिडी प्राप्त करने हेतु परिवार का मुखिया अपना आधार कार्ड को लिंक करवाना होगा। महिला मुखिया अपना बैंक खाता आधार से लिंक कराने के लिए प्रत्येक गांव हेतु नामित बैंक मित्र अथवा संबंधित बैंक शाखा में अवश्य संपर्क कर सकती हैं। ताकि कार्डधारक को डीवीटी योजना का सीधे-सीधे लाभ मिल सके। आधार से राशन कार्ड अथवा बैंक खाता लिंक करना पूरी तरह है निशुल्क है।