
नोएडा।एक बिल्डर ने मोबाइल पर बार बार मैसेज आने से परेशान होकर कोतवाली सेक्टर-24 में शिकायत दी है। दरअसल इन मैसेजों में आेसामा बिन लादेन को भगवान बताते हुए आतंकी संगठन से जुड़ने की बात की जा रही है। वहीं इन मैसेजों को बिल्डर ने पहले तो नजर अंदाज किया, लेकिन लगातार ये मैसेज जारी रहने पर पीड़ित सोमवार को कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस शिकायत लेकर मामले की जांच कर रही है।
पिछले एक हफ्ते से मिल रहे है मोबाइल पर मैसेज
सेक्टर-23 में रहने वाले शैलेंद्र शर्मा बिल्डर हैं। इनका सेक्टर-63 में ऑफिस है। शैलेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर 10 जनवरी की सुबह 10:48 बजे मैसेज आया। इस मैसेज में लिखा था कि ओसामा बिन लादेन हमारा भगवान है इसलिए आतंक के साथ जुड़ें। इस मैसेज को बिल्डर ने पहले तो मजाक समझकर नजर अंदाज कर दिया। इसके बाद 12 जनवरी की सुबह फिर से वही मैसेज आया और 15 जनवरी तक लगातार मैसेज आते रहे। सोमवार की सुबह जब उसी नंबर से जिहाद का मैसेज आया तब बिल्डर सहम गए। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-24 थाने में लिखित शिकायत दी।
कर्नाटक के मोबाइल नंबर से आ रहा है मैसेज
पुलिस जांच में पता चला कि जिस नंबर से बिल्डर को मैसेज आ रहे है, वो कर्नाटक का है। हालांकि उक्त नंबर पर काॅल करने पर फोन पिक नहीं हो रहा है। जिसके चलते बात नहीं हो पा रही है। वहीं इस मामले में एसपी सिटी अरुण सिंह ने बताया कि बिल्डर की शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है। सर्विलांस की टीमे मैसेज आने वाले नंबर को ट्रेस कर रही है।
26 जनवरी की सुरक्षा आैर जिहादा का मैसेज देख थाने में दी शिकायत
बिल्डर ने बताया कि कुछ दिन बाद ही 26 जनवरी है। एेसे में सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहने की बात सोचकर सोमवार को जब जिहाद का मैसेज आया, तो नोएडा पुलिस से शिकायत की है। अब पुलिस की सर्विलांस टीम नंबर को ट्रेस कर रही है।
Published on:
22 Jan 2018 08:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
