
नोएडा। शहर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें कारोबारी की बेटी ने ऑटो चालक के साथ भागकर शादी कर ली। वहीं, युवती के परिजन ऑटो चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। दरअसल, मामला थाना सेक्टर-20 क्षेत्र का है, जहां के कारोबारी की बेटी एक सप्ताह पहले एक ऑटो चालक के साथ फरार हो गई। इसके बाद दोनों ग्रेटर नोएडा स्थित प्राचीन शिवमंदिर में शादी करने बाद शनिवार को थाने में पेश हुए। वहीं इसका पता लगने पर युवती के परिजनों ने पुलिस को ऑटो चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने युवती को बालिग बता कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है, लेकिन परिजनों की मानें तो युवती की आयु अभी 18 साल से भी कम।
लगातार मिलती रही चालक से
दरअसल, सेक्टर-15 निवासी युवती के पिता पिछले दो साल से सेक्टर-63 में एक एक्सपोर्ट कंपनी चलाते हैं। उनकी एक्सपोर्ट कंपनी में 200 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। वहीं अपने पिता की इस कंपनी में युवती एक साल से मैनेजर थी। वह त्रिलोकपुरी निवासी युवक के ऑटो में बैठकर रोज कंपनी जाती थी। इस दौरान युवती का ऑटो चालक के साथ प्रेम-प्रसंग हो गया। इसके बाद पिछले सात महीने से युवती अपनी कार से ड्यूटी पर जाने लगी, लेकिन वह ऑटो चालक से निरंतर मिलती रहती थी। एक महीने पहले ही युवती ने अपने परिजनों के सामने ऑटो चालक के साथ शादी करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया।
पुलिस ने किया कार्रवाई से इनकार
इसके बाद युवती पहले तो एक सप्ताह ड्यूटी पर गई, लेकिन फिर घर नहीं लौटी। इसके बाद ऑटो चालक युवक व युवती ने ग्रेटर नोएडा स्थित एक मंदिर में शादी रचा ली और शुक्रवार को प्रेमी युगल ने जिला न्यायालय में अपना विवाह पंजीकृत करा दिया। वहीं, शनिवार सुबह प्रेमी युगल अपने विवाह संबंधित कागज लेकर थाना सेक्टर-20 पहुंचे। युवती ने फोन कर अपने विवाह के बारे में परिजनों को भी बता दिया। इसकी सूचना मिलने पर परिजन ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गए और युवक के खिलाफ तहरीर दी। इस दौरान परिजनों ने बेटी पर घर से लाखों रुपये लेकर भागने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने कोर्ट का आदेश और दोनों को बालिग बता कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। अब युवती के परिजन एसएसपी से मामले की शिकायत करने की बात कर रहे हैं।
Published on:
21 Jan 2018 09:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
