16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जुलाई में होगी राहुल गांधी की शादी!

इलाहाबाद के आनंद भवन में होगी राहुल गांधी की शादी

2 min read
Google source verification

image

Lokesh Kumar

Apr 19, 2016

rahul gandhi

rahul gandhi

नोएडा/दिल्ली।
देश के सबसे चर्चित कुंवारों में शामिल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की शादी तय हो गई है। हालांकि गांधी परिवार ने इस खबर की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस परिवार के बेहद नजदीकी सूत्रों ने बताया कि राहुल की शादी तय हो गई है और जल्द ही इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी। सूत्रों पर यकीन करें तो राहुल गांधी की शादी में ढाई महीने का समय ही बचा है। शादी इलाहाबाद के आनंद भवन में होगी।


गांधी परिवार के करीबी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी ( 46 वर्ष ) का विवाह एक ब्राह्मण परिवार की लड़की के साथ होना निश्चित हुआ है। यह परिवार उत्तर प्रदेश से संबंध रखता है और राजीव गांधी के करीबी रहे एक अधिकारी के सीधे संबंध में आता है। इस पूर्व अधिकारी से आज भी गांधी परिवार के करीबी संबंध हैं। जानकारी के अनुसार इस अधिकारी की पहल पर ही यह रिश्ता तय हुआ है।



आनंद भवन में ही होगी शादी


राजनीतिक हलकों के लिए इस हाई प्रोफाइल शादी को सोनिया और राहुल की इच्छा के कारण इलाहबाद के आनंद भवन में रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व सोनिया गांधी ने आनंद भवन का दौरा किया था। तब हालांकि इस दौरे को राजनीतिक बताया गया था, लेकिन अब बताया जा रहा है कि वे वास्तव में शादी के लिए आनंद भवन की उपयुक्तता परखने के लिए ही गई थीं।


जुलाई के दूसरे सप्ताह में शादी?


सूत्रों पर यकीन करें तो शादी में अधिक दिन शेष नहीं हैं। जुलाई के दूसरे सप्ताह में शादी कराने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इसकी तैयारियां अत्यंत गोपनीय तरीके से चल रही हैं और सारी तैयारियां होने के बाद ही इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।


उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पड़ेगा बड़ा फर्क


गांधी परिवार इस जगह से शादी करके पूरे उत्तर प्रदेश में एक सकारात्मक संदेश देना चाहता है। वह उत्तर प्रदेश को संदेश देना चाहते हैं कि उनकी जड़ें उत्तर प्रदेश और इलाहाबाद में ही हैं और इसलिए वह उनके करीबी हैं।



एक वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता के अनुसार अगर यह खबर सच है तो यह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी होगी। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि राहुल गांधी की शादी आनंद भवन में होने से पूरे प्रदेश से इस परिवार का सीधा जमीनी सम्पर्क हो जाएगा, जिसका आने वाले चुनावी समय में बहुत ही सकारात्मक असर पड़ेगा।


इसके आलावा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगर ब्राह्मण परिवार की लड़की से राहुल शादी करते हैं तो इससे ब्राह्मण एक बार फिर कांग्रेस से जुड़ेंगे। ध्यान रहे कि मंडल राजनीति के पहले ब्राह्मण कांग्रेस का ख़ास वोटबैंक हुआ करते थे, लेकिन वीपी सिंह के मंडल आयोग लागू करने पर ब्राह्मण कांग्रेस से दूर हो गए।