सावन का महीना बारिश का महीना है और सभी पेड़ों को नया जीवन मिलता है। इस वजह से हरियाली अमावस्या से पेड़ों की पूजा की जाती है। इस दिन खास तौर पर पीपल की पूजा की जाती है। इसके लिए मालपूओं का भोग लगाया जाता है। साथ ही कई हिस्सों में धागों से या किसी भी वस्तू से 108 बार फेरे लगाए जाते हैं। हरियाली अमावस्या के दिन पीपल, बरगद, केला, निंबू, तुलसी आदि का वृक्षारोपण करना भी शुभ माना जाता है। इन वृक्षों में देवताओं का वास माना जाता है। पीपल में जहां ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास बताया जाता है वहीं आवंला में भगवान लक्ष्मीनारायण को विराजमान माना जाता है। इस दिन गेंहू, ज्वार, मक्का आदि की सांकेतिक बुआई भी शुरु हो जाती है। उत्तर भारत में तो इसे पर्व के रूप में मनाया जाता है।