नोएडा। समाजवादी पार्टी के बागी नेता शिवपाल यादव ने नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर लिया है। उनकी इस पार्टी का नाम प्रगतिशील समाजवादी पार्टी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का रजिस्ट्रेशन चुनाव आयोग में भी करा दिया गया है। शिवपाल यादव के अनुसार 2019 के लोकसभा चुनावों में उनकी यह पार्टी प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवपाल सिंह यादव ने अपनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के लिए चुनाव आयोग से कार, मोटरसाइकिल या चक्र के चुनाव चिह्न की मांग की है। शिवपाल का दावा है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। ये सभी प्रत्याशी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे।