
नोएडा. दिल्ली से सटे नोएडा के फेस-3 थाना इलाके के ममूरा के पास पार्क में एक व्यक्ति को शराब पीकर अपने ढाबे पर जाना भारी पड़ गया। ढाबे पर उसकी पत्नी और सास मौजूद थी। पति को नशे में देख पत्नी ने उस पर चाकू से वार किया, वहीं सास भी दामाद को पीटने में पीछे नहीं रही। सास ने भी दामाद पर तवे से वार कर उसको घायल कर दिया।
भाग कर बचाई जान
पत्नी और सास के हमले में युवक रिंकू जख्मी हो गया और उसका नशा उतर गया। उसने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल रिंकू को अस्पताल में भर्ती कराया। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने चाकू और तवा बरामद कर लिया और पत्नी व सास से पूछताछ शुरू कर दी है।
पत्नी ने घोंपा चाकू
पुलिस के मुताबिक रिंकू अपने परिवार के साथ ममूरा के पास एक कॉलोनी में रहता है। परिवार में पत्नी रेखा व अन्य सदस्य हैं। घर के पास ही वह ढाबा चलाता है। शाम को वह शराब पीकर ढाबे पर पहुंचा। वहां उसकी पत्नी रेखा और सास शारदा मौजूद थे। पति को नशे में देखकर रेखा भड़क गई। उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पति पर हमला कर दिया।
सास ने सिर पर मारा तवा
सास शारदा ने भी गुस्से में पास में रखा तवा उठाया और रिंकू के सिर पर दे मारा। अचानक हुए हमले से रिंकू गिर गया। शोर-शराबा हुआ तो लोग वहां पहुंच गए। रिंकू को बचाया गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रिंकू को अस्पताल में भर्ती कराया। रिंकू ने पत्नी व सास के खिलाफ बयान देकर मामला दर्ज करा दिया।
Published on:
28 Oct 2021, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.