8 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

प्रसंगवशः जांच की खानापूर्ति का अफसरी राग

चिंता की बात यह है कि सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों के कारण खासी बदनामी झेल रहे इस महकमे में इनकी दशा सुधारने का काम भी कछुआ चाल से ही हो रहा है।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Harish Parashar

•

Oct 08, 2026

udaipur

खानापूर्ति का इससे ज्यादा शर्मनाक उदाहरण और क्या हो सकता है कि राजस्थान के उदयपुर जिले के जिस सरकारी प्राथमिक स्कूल की कक्षा कक्ष की जर्जर छत का प्लास्टर गिरने से तीन मासूम छात्र घायल हो गए उसे शिक्षा विभाग के ही जांच दल ने सुरक्षित माना था। यह तो गनीमत थी कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई वरना शिक्षा महकमे के कर्ता-धर्ताओं के चेहरे पर कालिख पुतने में देर नहीं लगती। सवाल सिर्फ निरीक्षण में खानापूर्ति का ही नहीं है, चिंता इस बात की है कि सरकारी इमारतों के रखरखाव में भी गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है।
भीण्डर के समीप नारदा के इस सरकारी स्कूल में भी मरम्मत के नाम पर ऐसी ही लीपापोती हुई थी, तभी तो प्लास्टर उखड़ते ही छत का सरिया नजर आने लगा। हादसा, जांच का ऐलान व कार्रवाई के नाम पर एक दो कार्मिकों को इधर-उधर भले ही कर दिया जाए, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी बताती है कि इस स्कूल के निरीक्षण का काम भी कार्यालयों में बैठकर ही होता रहा। तभी तो मौका मुआयना करने पहुंचे शिक्षा अधिकारी खुद स्कूल का रास्ता तलाश करते नजर आए। चिंता की बात यह है कि सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों के कारण खासी बदनामी झेल रहे इस महकमे में इनकी दशा सुधारने का काम भी कछुआ चाल से ही हो रहा है।
सरकारी स्कूलों में जब भवन व पढ़ाई दोनों की गुणवत्ता की बजाय सिर्फ शिक्षकों को एडजस्ट करने की मंशा से काम होगा तो शिक्षक भी भला बच्चों की परवाह क्यों करने लगे? नारदा के इस स्कूल में महज 37 बच्चों का नामांकन था और दो स्थायी व एक संविदा पर शिक्षक लगाया हुआ था। ऐसे हादसों का सीधा समाधान जर्जर इमारत को बंद करना तो हो सकता है लेकिन यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि फिर कभी ऐसे हादसे न हों। करोड़ों रुपए का बजट प्रावधान करने के बावजूद हमारे सरकारी स्कूल ऐसे ही हादसों को न्योता देने वाले रहे तो फिर इन स्कूलों में दाखिला कराने में तो अभिभावक हिचकेंगे ही।