
आपकी बात, पेगेसस मामले में सरकार पर सवाल क्यों उठ रहे हैं?
सरकार का रुख साफ नहीं
पेगेसस मामले मे सरकार पर सवाल उठना स्वाभाविक है, क्योंकि सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं बताया है कि उसने पेगेसस खरीदा है या नहीं। पेगेसस बेचने वाली इजरायली कंपनी ने किया दावा है कि वह पेगेसस सिर्फ देश की सरकार को ही बेचती है। अगर सरकारें इसका दुरुपयोग करके राजनीतिक विरोधियों तथा प्रभावशाली लोगो की जासूसी कराती है तो वहा बहुत खतरनाक है। इसलिए हमारे यहां इस पर सवाल उठ रहे हंै। सरकार इस पर अपना रुख साफ नहीं कर रही है। इसका मतलब है कि दाल मे कुछ काला है ।
-महेश सक्सेना, भोपाल, मप्र
............................
सरकार पर जासूसी के आरोप
पेगेसस का इस्तेमाल कर कई पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के फोन की जासूसी करने का दावा किया गया हैं। हम सूचना युग में रहते हैं और हमें यह समझना होगा कि टेक्नोलॉजी अहम है, मगर निजता के अधिकार की रक्षा करना भी जरूरी है। सरकार पर इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से जासूसी करने का आरोप लगाया गया है। सरकार फोन की जासूसी के आरोपों को खारिज कर रही है। मामले की निष्पक्षता से जांच की जानी चाहिए।
-अजिता शर्मा, उदयपुर
.............................
सुप्रीम कोर्ट करे निर्णय
पेगेसस जासूसी कांड आम जनता की भी सुरक्षा से जुड़ा है। कुछ हस्तियों के फोनों की जासूसी हुई है। जब मामला सुप्रीम कोर्ट मे पहुंच चुका है, तो निर्णय भी सुप्रीम कोर्ट को ही करने दें।
-लता अग्रवाल, चित्तौडग़ढ़
..............
सॉफ्टवेयर का दुरुपयोग
जब भारत की बड़ी हस्तियों के फोन टेप किए जाएंगे, तो सरकार पर सवाल तो उठेंगे ही। इजरायल के इस सॉफ्टवेयर के जरिए जासूसी हो रही है। आतंकवादी घटनाओं की जानकारी एवं उनके नियंत्रण के लिए इस सॉफ्टवेयर को विकसित किया गया था, लेकिन इस सॉफ्टवेयर के कारण भारत की राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को खतरा पैदा हो गया है।
-सतीश उपाध्याय, मनेंद्रगढ़ कोरिया, छत्तीसगढ़
..............................
सरकार को घेरने के लिए आरोप
अवसरवादी लोग सरकार की आलोचना का कोई मौका नहीं छोडऩा चाहते। सरकार की बहुत सारी नीतियां राष्ट्रहित के लिए गोपनीय होती हैं। कुछ लोग सरकार को घेरने के हरसंभव मौके की तलाश करते रहते हैं।
-माधव सिंह, श्रीमाधोपुर, सीकर
.............................
कमेटी का गठन
पेगेसस मामले में उच्चतम न्यायालय ने उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में सरकार का कोई सदस्य नहीं है। कमेटी से सारे आरोपों की विस्तार से जांच करके रिपोर्ट सौंपने को कहा है। निजता के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है।
-खुशवंत कुमार हिंडोनिया, चित्तौडग़ढ़
.........................
जांच ये आएगा सच सामने
पेगेसस एक मैलवेयर है, जिसे इजरायली कंपनी बनाती है। वह किसी निजी कंपनी को यह सॉफ्टवेयर नहीं बेचती है। इसकी सप्लाई केवल सरकारों को ही की जाती है। इसी वजह से पेगेसस मामले में सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। अब जासूसी हुई है या नहीं, यह जांच से ही पता चलेगा।
-किरण शर्मा, बीकानेर
............................
राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकता
सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर वह हलफनामा दाखिल करके गोपनीय बातों को सार्वजनिक नहीं करेगी। अब सुप्रीम कोर्ट कमेटी बनाकर जांच करवा रही है। सरकार के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकता है।
-सुधांशु सिंह, राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
......................................
अब आएगा सच सामने
सुप्रीम कोर्ट ने पेगेसस मामले में सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार द्वारा हर बार राष्ट्रीय सुरक्षा की दुहाई देने को नकारते हुए जांच के लिए स्वतंत्र कमेटी का गठन कर दिया है। अब यह कमेटी दूध का दूध और पानी का पानी करेगी।
-शिवजी लाल मीना, जयपुर
.................................
सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं
पेगेसस जासूसी कांड पर सरकार की ढीली प्रतिक्रिया ने उसे सवालों के कठघरे में खड़ा कर दिया है। इसके पीछे सरकार की क्या मंशा रही है, यह कहना मुश्किल होगा। अब सुप्रीम कोर्ट ने जांच कमेटी का गठन किया है। वह तथ्यों की जांच करेगी। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
-मधु भूतड़ा, जयपुर
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन




