हैदराबाद। विश्व और ओलंपिक चैंपियन कैरोलिना मारिन को दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स में हराकर रियो ओलंपिक के फाइनल की हार का बदला लेने वाली भारत की पीवी सिंधु पर रविवार को स्पेनी गर्ल भारी पड़ी। स्पेन की मारिन ने दुबई की हार का अपना बदला यहां प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के उद्घाटन मुकाबले में सिंधु को 11-8, 12-14, 11-2 से हराकर ले लिया।
मारिन प्रीमियर बैडमिंटन लीग में सिंधु के गृहनगर हैदराबाद की टीम हैदराबाद हन्टर्स की तरफ से खेल रही हैं, जबकि सिंधु पिछले सीजन की तरह इस बार भी चेन्नई स्मैशर्स टीम में हैं। मारिन ने इस जीत से अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाकर अभियान की शानदार शुरुआत की, लेकिन बाद में चेन्नई स्मैशर्स ने पुरुष एकल और मिश्रित युगल जीतकर 2-1 से बढ़त बना ली। बाद में हैदराबाद हंटर्स ने दूसरा पुरुष एकल जीतकर स्कोर 2-2 करने के बाद पुरुष युगल में भी जीत हासिल करते हुए 3-2 से मैच पर अपना कब्जा कर लिया।
यहां हार के साथ सिंधु की नए साल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मारिन और सिंधु के मुकाबले पर सभी की निगाहें थीं। भारतीय खिलाड़ी ने मैच में काफी गलतियां कीं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। पहला गेम 8-11 से हारने के बाद सिंधु ने दूसरे गेम वापसी करते हुए 14-12 से जीत हासिल की, लेकिन तीसरे गेम में लगातार गलतियां सिंधु को भारी पड़ गायीं और वह यह गेम 11-2 से हार गईं। सिंधु ने पीबीएल के पहले संस्करण में अपने सभी छह मैच जीते थे। इस तरह से उन्हें लीग में पहली बार हार का सामना करना पड़ा है।
हार के साथ लीग में शुरुआत करने वाली चेन्नई स्मैशर्स को अगले मुकाबले में टॉमी सुगियार्तो ने राहत की सांस दी, जब उन्होंने पुरुष एकल में हैदराबाद हंटर्स के लिए खेल रहे भारत के उभरते हुए शटलर बी. साईं प्रणीत को एकतरफा तरीके से 11-6, 11-8 से रौंद दिया। अमूमन धीमी शुरुआत के लिए पहचाने जाने वाले प्रणीत 11 अंक वाले छोटे फॉर्मेट में सहज नहीं दिखाई दिए और सुगियार्तो ने उन्हें एक भी अंक पर टिकने नहीं दिया।
मिश्रित युगल में चेन्नई स्मैशर्स के पास क्रिस एडॉक और गेब्रियला एडॉक की बेहतरीन पति-पत्नी जोड़ी है और एडॉक जोड़ी के सामने सात्विक साई राज और चाऊ होए वाह के टिकने की कतई उम्मीद नहीं थी। हुआ भी कुछ ऐसा ही और एडॉक जोड़ी ने अपने विपक्षी को 11-7, 11-9 से हराकर चेन्नई की बढ़त को 2-1 कर दिया।
पुरुष एकल के दूसरे मुकाबले में राजीव ओसेफ ने टी. सेनसोमबूनसक को पहला गेम 6-11 से हारने के बाद अगले दोनों गेम 11-8, 11-6 से जीतते हुए हैदराबाद हंटर्स को 2-2 की बराबरी पर पहुंचा दिया। अब सारी निगाहें पुरुष युगल मुकाबले पर थी, जिसमें टेन बून हियांग और टेन वी कियांग की जोड़ी ने चेन्नई की एम. पियलर कोल्डिंग और बी. सुमिथ रेड्डी की जोड़ी को 11-7, 11-8 से आसानी से रौंदकर अपनी टीम को मुकाबला जिता दिया।