
नई दिल्ली। गोल्ड कोस्ट में हो रहे 21वें कामनवेल्थ खेलों के तीसरे दिन शनिवार को भारतीय बैडमिटन टीम ने मिक्स्ड टीम प्रतियोगिता के अपने क्वाटरफाइनल मैच में मॉरिशस को 3-0 से करारी शिकस्त दी।इस जीत के साथ भारत ने बैडमिंटन मिक्स्ड टीम प्रतियोगिता के सेमीफइनल में जगह बना ली है।सेमीफइनल में जीत के साथ उसको गोल्ड या सिल्वर मेडल मिलना तय हो जाएगा। सेमीफइनल में भारत का मुकाबला रविवार को ऑस्ट्रेलिया या सिंगापुर से होगा। भारतीय टेबल टेनिस टीम भी मिक्स्ड टीम प्रतियोगिता के सेमीफइनल में जगह बना चुकी है।
भारत की बैडमिंटन टीम ने दर्ज की आसान जीत
पहला मैच मेंस डबल का था जिसमें सात्विक रंकीरेड्डी और चिराग सेट्टी की जोड़ी ने अतिश लुबाह और क्रिस्टिोफर ज्यां पॉल की जोड़ी को 21-12, 21-3 से मात दी। इसके बाद विमेंस डबल में अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने ऑरेली एलिशा एलेट और निक्की चान लाम की जोड़ी को 21-8, 21-7 से मात देकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा मैच मेंस सिंगल्स वर्ग में था जिसमें किदाम्बी श्रीकांत ने जूलियन पॉल को 21-12, 21-14 से मात देकर अपनी टीम को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
टेबल टेनिस टीम ने मलेशिया को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई
भारत ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 3-0 से मात दी। भारत की तरफ से अचंता शरत कमल और हरमीत देसाई ने एकल मुकाबलों में जीत हासिल की तो वहीं देसाई और साथियान ने युगल मुकाबला जीता। पहला मैच खेलने उतरे देसाई ने ची फेंग को 11-4, 12-10, 11-6 से मात दी। अंचता ने मुहाम्मद अशरफ हक को 33 मिनट में 11-7, 11-8, 11-6 से मात दी। देसाई और साथियान की जोड़ी ने जावेन चूंग और ची फेंग की जोड़ी को 11-7, 11-6 से शिकस्त दे भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
भारतीय बैडमिंटन टीम का शानदार सफर जारी है
भारतीय टीम ने इससे पहले गुरुवार को इस प्रतियोगिता में श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया था।फिर उसने शुक्रवार को स्कॉटलैंड को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया था। भारत ने पाकिस्तान, श्रीलंका और स्कॉटलैंड को 5-0 के अंतर से हराया था। भारत मिक्स्ड टीम प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल का प्रबल दावेदार है। भारतीयभारतीये बैडमिंटन टीम ने सेमीफइनल पहुंचने तक एक भी मैच ड्राप नहीं किया है।
Published on:
07 Apr 2018 11:53 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
