एडमंटन। भारत की निगाहें कनाडा के खिलाफ 15 से 17 सितंबर तक यहां होने वाले डेविस कप विश्वग्रुप प्लेऑफ मुकाबले में जीत हासिल कर 16 टीमों के एलीट विश्वग्रुप में जगह बनाने पर लगी हुई हैं। भारत और कनाडा के बीच मुकाबले की विजेता टीम को 2018 के 16 टीमों के एलीट विश्वग्रुप में जगह मिलेगी। भारत और कनाडा के बीच यह मुकाबला एडमंटन के नॉर्थलैंड्स कोलेसियम में इंडोर हार्ट कोर्ट पर खेला जाएगा। भारत के पास इस बार मौका है कि वह पिछले तीन बार विश्वग्रुप प्लेऑफ में हारने के गतिरोध को तोड़े और छह साल बाद विश्व ग्रुप में जगह बनाए। महेश भूपति के लिए इम्तिहान
भारत ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए फिट और मजबूत टीम उतरी है जिसके गैर खिलाड़ी कप्तान और पूर्व दिग्गज युगल खिलाड़ी महेश भूपति के लिए यह मुकाबला सबसे बड़ा इम्तिहान होगा। मौजूदा समय में देश के सबसे अनुभवी एकल खिलाडी यूकी भांबरी उज्बेकिस्तान के खिलाफ अप्रैल में भारत की 4-1 की जीत में फिट नहीं होने के कारण नहीं खेले थे। लेकिन हाल में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे यूकी अब इस मुकाबले में भारतीय चुनौती का दारोमदार संभालेंगे। यूकी के साथ एकल मुकाबलों में रामकुमार रामनाथन पर दारोमदार रहेगा। टीम में तीन एकल और एक युगल खिलाड़ी
युगल के लिए दिग्गज रोहन बोपन्ना और हाल में अर्जुन अवार्डी बने साकेत मिनेनी पर जिम्मेदारी रहेगी। टीम में तीन एकल खिलाड़ी और एक युगल खिलाड़ी है। मौजूदा रैंङ्क्षकग में रामकुमार 154वें और यूकी 157वें नंबर पर हैं। युगल में बोपन्ना 19वें नंबर पर हैं। यूकी ने अपना आखिरी डेविस कप मुकाबला फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था जिसे भारत ने 4-1 से जीता था। यूकी फिटनेस समस्या के कारण उज्बेकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाए थे लेकिन वह कनाडा के खिलाफ प्लेऑफ में भारतीय टीम का हिस्सा बन गए हैं। रामकुमार रामनाथन ने हाल में विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी आस्ट्रिया के डॉमिनिक थिएम को हराकर तहलका मचाया था। स्टार खिलाड़ी यूकी हाल में सिटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल तक पहुंचे थे जहां उन्हें दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। -11 वीं रैंकिंग के मिलोस कनाडा टीम में नहीं