नई दिल्ली। भारत की अनुभवी गोला फेंक एथलीट सीमा पुनिया और नवजीत ढिल्लन ने गोल्ड कोस्ट में जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में गुरुवार को रजत और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। राष्ट्रमंडल खेलों में सीमा लगातार चौथी बार पदक जीतने में कामयाब रही हैं। उन्होंने 2006 एवं 2014 में रजत पदक और दिल्ली में हुए 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था। गुरुवार की स्पर्धा समाप्त होने पर भारत कुल 31 पदकों के साथ पदक तालिका में तीसरे नंबर पर हैं। भारत की झोली में कुल 14 स्वर्ण, सात रजत और 20 कांस्य पदक है।
सीमा पूनिया के मुकाबले का हाल-
सीमा ने शानदार शुरुआत की और पहले ही प्रयास में 60.41 मीटर की दूरी तय की। हालांकि इसके बाद, उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। सीमा ने दूसरे प्रयास में 59.97 मीटर की दूरी तय की। उनका तीसरा प्रयास असफल रहा लेकिन चौथे प्रयास में उन्होंने 58.54 मीटर तक गोला फेंका। सीमा के प्रदर्शन में उथल-पुथल जारी रही और उनका पांचवां प्रयास भी असफल रहा लेकिन उन्होंने अंतिम प्रयास में 58.90 मीटर की दूरी तय करके रजत पदक सुनिश्चित कर लिया।