
BSF जवान की बर्बर हत्या पर खौला पहलवान योगेश्वर दत्त का खून, मानवाधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर दोनों देशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। दरअसल, बाईट मंगलवार को जम्मू के इंटरनेशनल बॉर्डर के पास रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बीएसएफ जवान की गला रेतकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर और एलओसी पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पाक की इसी नापाक हरकत पर भारतीय पहलवान व ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने मानवाधिकारियों को लपेटे में लिया है और पूछा है की वे अब कहां हैं।
फूटा योगेश्वर दत्त का गुस्सा-
भारत के लिए पदक जीतने वाले पहलवान योगेश्वर दत्त ने BSF जवान की हत्या पर मानवाधिकारियों को निशाने पर लेते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा है कि "शहीद नरेंद्रसिंह को अगवा कर, आंखें निकाल, टांगे काट, गला रेत, नापाक पाक ने हत्या कर दी। अब कहां गए वह मानवाधिकारी जो आतंकी की मौत पर फूट फूट कर रोते हैं। ईश्वर हमारे शहीद भाई की आत्मा को शान्ति प्रदान करे और उनके परिवरजनों को यह दुख सहन करने की हिम्मत दे। ॐ शांति।"
बर्बर अवस्था में मिला था जवान का शव-
बीएसएफ हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र कुमार के शरीर में तीन गोलियों के निशान मिले थे। कुमार का शव छह घंटे के बाद सुरक्षाबलों को मिला था। पाकिस्तानी सेना ने जवान के शव के साथ बर्बरता भी की है। अधिकारियों ने बताया था कि पाकिस्तानी रेंजर्स से लापता जवान का पता लगाने के लिए संयुक्त गश्त में शामिल होने को कहा गया था। लेकिन पाक रेंजर्स ने एक स्थान तक आने के बाद समन्वित कार्रवाई में शामिल न हो पाने के लिए इलाके में पानी जमा होने का बहाना बना दिया। तब बीएसएफ ने सूर्यास्त का इंतजार किया और जवान का शव चौकी तक लाने के लिए जोखिम भरा अभियान शुरू किया।
Published on:
22 Sep 2018, 8:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.