
वीकेंड के वार में सलमान खान ने घरवालों संग की बात (Photo Source- Twitter/Instagram/JioHotstar)
Bigg Boss 20 Weekend Ka Vaar: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का पहला 'वीकेंड का वार' धमाकेदार रहा। शो के होस्ट और मेगास्टार सलमान खान ने अपने खास अंदाज में वापसी करते हुए घर के सदस्यों को बाहर की दुनिया का आईना दिखाया। जहां एक तरफ सलमान ने कुछ सदस्यों को उनकी सुस्ती के लिए जमकर लताड़ा, वहीं दूसरी तरफ कुछ की प्रतिभा को सरहाया भी। पहला हफ्ता घर में ड्रामे, तीखी झड़पों और विवादों से भरा रहा।
शो के शुरूआत से ही घर के अंदर गुटबाजी और तनाव साफ देखने को मिला। 'पंचायत' फेम अभिनेता आसिफ खान और टीवी एक्टर अमन गांधी के बीच बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे पर मर्यादा लांघकर निजी हमले किए। आसिफ ने अमन को 'जाहिल' कह दिया, जिसके जवाब में अमन ने भड़कते हुए आसिफ को 'एक्सपायर्ड चाट मसाला' और 'छिछोरा' करार दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आसिफ ने अमन को शो के बाहर देख लेने तक की खुली चेतावनी दे डाली।
तनावपूर्ण माहौल के बीच सलमान खान ने काजी तौकीर (Qazi Touqeer) की जमकर तारीफ की और उन्हें घर का 'रॉकस्टार' घोषित किया। सलमान के कहने पर काजी ने पूरे घर को अपना सिग्नेचर स्टेप सिखाया, जिसमें यंग डीएसए (Young DSA) को सबसे बेहतरीन परफॉर्मर चुना गया।
सलमान ने घरवालों को समझाते हुए कहा कि चाहे समय अच्छा हो या बुरा, इंसान को खुद पर मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने अभिनेता बॉबी देओल का उदाहरण देते हुए कहा कि कैसे संयम और मेहनत से करियर में शानदार वापसी की जा सकती है। इसके बाद उन्होंने युवा प्रतियोगी अरिश्फा खान से चुटकी लेते हुए कहा- "यहां सब विक्टिम (पीड़ित) बनने का नाटक करते हैं, तुम बच्चा बनने का नाटक करो!"
हफ्ते के रिपोर्ट कार्ड टास्क के अंत में काजी तौकीर को पहले हफ्ते का 'बॉस' चुना गया, जबकि अमन गांधी को 'सब्सक्राइबर्स और गेम का सबसे बड़ा नुकसान' घोषित किया गया। सलमान खान ने अमन गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह शो में बिल्कुल बेजान दिख रहे हैं। सलमान ने तीखे शब्दों में पूछा, "जब आपको इतना बड़ा मौका मिला है, तो आप एक साइड कैरेक्टर आर्टिस्ट की तरह व्यवहार क्यों कर रहे हैं? बस यूं ही रोल कटने का इंतजार मत करो।"
वहीं, सलमान खान ने उदिति सिंह को भी जमकर सुनाया कि जो पर्सनैलिटी आपने बाहर दिखाई थी उसकी वजह से आपको यहां लाया गया है, जो अब शो में दिखाई नहीं दे रहा। 8 महीने की रिसर्च के बाद 16 लोगों को लाया गया है और आप पता नहीं क्या कर रही हैं।
इसके साथ ही सलमान ने लव गिल, रोहेद खान और ऋति तिवारी जैसे अन्य सदस्यों को भी चेतावनी दी कि वह दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए कुछ सार्थक करें और अपना मौका खुद बनाएं। बता दें, 'बिग बॉस 20' रोजाना रात 9 बजे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम होता है और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाता है।
Updated on:
13 Sept 2026 07:03 am
Published on:
13 Sept 2026 06:56 am
