पाकिस्तान आर्मी चीफ बाजवा का बड़ा बयान, कश्मीर पर किसी तरह का समझौता मंजूर नहीं
पाकिस्तान की स्वतंत्रता दिवस पर इमरान खान ने PoK असेंबली को किया संबोधित
पाक आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा ने कहा कि पाकिस्तान की सेना सदैव कश्मीर के साथ खड़ी रहेगी
इस्लामाबाद। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद पाकिस्तान में बौखलाहट काफी बढ़ गई है। प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान की आजादी के मौके पर PoK की असेंबली को संबोधित किया और भारत के खिलाफ जहर उगला। इस बीच पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा ने भी भारत को गीदड़भभकी दी है।
पाकिस्तान सेना प्रमुख बाजवा ने कहा है कि पाकिस्तान की सेना सदैव कश्मीर के साथ खड़ी रहेगी और 'अपना राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने से पीछे नहीं हटेगी।'
बाजवा ने कहा कि पाकिस्तान 'भारत के आक्रामक उद्देश्यों' के खिलाफ हमेशा कश्मीरियों के साथ खड़ा रहा है और खड़ा रहेगा। हम कश्मीरियों पर भारत के जोर के सामने एक मजबूत दीवार की तरह खड़े हैं, चाहे इसकी हमें कोई भी कीमत चुकानी पड़े।
पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में देश के सैन्य प्रमुख जनरल कमर बाजवा ने कहा कि देश की सेना कश्मीर के साथ खड़ी है और इस मामले में राष्ट्रीय कर्तव्य के निर्वहन के लिए पूरी तरह से तैयार है।
दुनिया के हर मंच पर उठाएंगे कश्मीर मुद्दा: इमरान
धारा 370 हटने के बाद पाकिस्तानियों की बैचेनी काफी बढ़ गई है। इसका अंदाजा इससे लग सकता है कि प्रधानमंत्री इमरान खान को लगता है कि भारत, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर ( PoK ) पर हमला कर सकता है।
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने बुधवार को कहा कि अगर उनके देश पर युद्ध थोपा गया तो वह पीछे नहीं हटेगा। विपक्षी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर पर अगर युद्ध की जरूरत पड़े तो देश इसके लिए तैयार है।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट में जनरल बाजवा के हवाले से कहा कि कश्मीर पर किसी तरह के समझौते का सवाल नहीं पैदा होता।
उन्होंने कहा कि कश्मीर की हैसियत को न तो 1947 का कागज का कोई टुकड़ा बदल सकता है न मौजूदा (भारतीय) 'गैर कानूनी कदम।'