
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में हाल के दिनों में जिस तरह से अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने यानी की मीडिया पर सेंसरशिप के आरोप लगे हैं, ऐसे में अब कई सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को एक मामले ने इस मुद्दे को और भी अधिक भड़का दिया है।
दरअसल, मीडिया सेंसरशिप को लेकर आवाज उठाने वाले पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर को प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोशल मीडिया ट्वीटर पर अनफॉलो कर दिया है।
'रोजनामा पाकिस्तान' की रिपोर्ट में बताया गया है कि इमरान खान के इस कदम से लोगों में काफी आक्रोश है और लोग सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्वीटर पर प्रधानमंत्री इमरान खान के एक करोड़ से अधिक फॉलोअर हैं। इस इस मामले में वह विश्व के कुछ चुनिंदा लोगों की सूची में शामिल हैं। इतना ही नहीं इमरान खान खुद 19 लोगों को ही फॉलो करते हैं, जिनमनें से एक हामिद मीर भी थे।
ट्वीटर पर 19 लोगों को फॉलो करते थे इमरान खान
इमरान खान जिन 19 लोगों को फॉलो करते हैं उनमें से हामिद मीर एकमात्र पत्रकार थे। हालांकि अब इमरान खान ने उन्हें अनफॉलो कर दिया है, ऐसे में अब वह केवल 18 लोगों को ही फॉलो करते है।
यह मामला सामने आने के बाद से हामिद मीर ने कहा वे इसे एक सकारात्मक तौर पर ले रहे हैं। किसी पत्रकार के लिए गर्व की बात है कि जब देश का कोई नेता विपक्ष में हो तो उसे फॉलो करे और सत्ता में आने के बाद उसे अनफॉलो कर दे।
मीर ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूदा हालात में मीडिया पर सेंसरशिप है, कई तरह की पाबंदिया लगाई जा रही है, लेकिन प्रधानमंत्री इमरान खान इसे नहीं मानते हैं।
बता दें कि हाल के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसके बाद पाकिस्तान में मीडिया सेंसरशिप की आवाज उठने लगी है।
पाकिस्तान के मशहूर टीवी पत्रकार हामिद मीर ने विपक्षी दल के नेता आसिफ अली जरदारी का इंटरव्यू ले रहे थे। अभी साक्षात्कार शुरू ही हुआ था कि अचानक प्रसारण रोक दिया गया और तुरंत न्यूज बुलेटिन चलने लगा।
जबकि तकरीबन ठीक एक सप्ताह बाद पीएमल-एन नेता मरियम नवाज का इंटरव्यू भी बीच में ही रूकवा दिया गया और तुरंत बाद सत्ताधारी दल के एक नेता का पुराना साक्षात्कार प्रसारित कर दिया गया।
हालांकि मरियम ने मोबाइल के जरिए इस साक्षात्कार को पूरा किया और मोबाइल ऐप पर इसे प्रसारित किया।
Published on:
2 Aug 2019, 9:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.