
नई दिल्ली। पीओके में अब पाकिस्तान विरोधी आवाज उठने लगी है। शनिवार को मुजफ्फराबाद में PoK के नेता तौकीर गिलानी ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि 'कहां लिखा है कि कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा है'। ऐसा कोई लिखा हुआ एग्रीमेंट नहीं है जिससे ये साबित हो कि कश्मीर पाक का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह बस मुस्लिम कांफ्रेंस और उनके किराये के कठपुतलियों द्वारा फैलाया गया बेबुनियाद प्रोपगेंडा है।
उन्होंने कहा कि बकवास की भी एक सीमा होती है, वो हमारे बाथरूम की दीवारों पर भी लिख के जाते हैं कि 'कश्मीर बनेगा पाकिस्तान'। उन्होंने आगे कहा कि टीवी पर वो हमें नमक-हराम बताते है जबकि हम उनसे ही 20 रुपये में नमक खरीदते हैं, जो की दुनिया में कोई और नहीं खरीदना चाहता, और वो (पाकिस्तानी) पानी भी हमारा पीतें हैं। गिलानी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपने तथाकथित स्वतंत्रता सैनानियों के शवों पर झंडा लपेटने के लिए 30,000 रुपये देता है।
तौकीर गिलानी ने पाकिस्तान को मीरवाइज उमर फारुक और सज्जाद लोन के पिता की हत्या का जिम्मेदार ठहराया और उन्होंने यहां तक भी कहा की लिब्रेशन फ्रंट के मारे गए 650 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार जिहादियों को पाकिस्तान की तरफ से सहयोग मिलता है।
आपको बता दें कि मीरवाइज उमर फारूक के पिता मीरवाइज फारूक की 21 मई 1990 को उन्हीं के घर में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सज्जाद लोन के पिता, मीरवाइज फारूक के लिए 21 मई 2002 को एक रैली कर रहे थे जब उनकी भी गोली मार कर हत्या कर दी गई। तौकीर गिलानी के सवालों से पीओके में पाकिस्तान के खिलाफ पहले से चलती आ रही नाराजगी और बढ़ गयी है। उम्मीद जताई जा रही है कि पीओके में पाकिस्तान के खिलाफ और रैलियां हो सकती है।
Published on:
25 Nov 2017, 5:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.