
एआई तस्वीर
पाली। राज्य बजट में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से नई घोषणाएं की गईं। पाली जिले में बड़ी राहत फालना शहर के निवासियों को मिली है। वहां संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है।
इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा। वहां के निवासियों को निजी और बाली के चिकित्सालयों में नहीं जाना पड़ेगा। जैतपुरा जाणंदा में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने से ग्रामीणों को गांव में ही चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उधर, पाली और ब्यावर जिले में करीब 47 करोड़ रुपए से सड़कों और पुल का निर्माण भी करवाया जाएगा। सिरवल-भीमाणा-दानवली, बीजापुर-बलवना-जवाई बांध सुमेरपुर तक 30 किमी की सड़क 20 करोड़ रुपए से तैयार होगी।
मादा और मोरखा के बीच 4 करोड़ रुपए से पुलिया बनाई जाएगी। सालरिया से नाडोल 8.5 किमी सड़क 8.50 करोड़ रुपए से बनाई जाएगी। ब्यावर जिले के जैतारण में चिड़ियानाथ की समाधि तक 3.70 किमी कच्ची सड़क को 5 करोड़ रुपए से पक्का किया जाएगा। जैतारण में अन्य सड़कों का निर्माण 10 करोड़ रुपए की लागत से होगा।
सीएम की ओर से सिंदरू, तखतगढ़, बाणियावास और हेमावास बांध के जीर्णोद्धार के लिए 8 करोड़ रुपए दिए गए हैं। रियासत काल में 100 साल से अधिक समय पहले बने हेमावास बांध का जीर्णोद्धार होने पर इससे बरसात के दौरान होने वाला पानी का रिसाव बंद हो सकता है। इसके साथ ही बांध को पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा सुमेरपुर में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआई एक्ट) न्यायालय खोला जाएगा।
Updated on:
28 Feb 2026 03:35 pm
Published on:
28 Feb 2026 03:34 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
