सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों के प्रवेश से पहले ही अभिभावकों के साथ कोई भी व्यक्ति वहां के स्टाफ के साथ पढ़ाए जाने वाले विषयों की जानकारी ले सकते हैं। किसी विषय के अध्यापकों के पद स्कूल में रिक्त हैं, कौनसा शिक्षक कौनसा विषय पढ़ाएगा, उसने स्कूल में कब पदभार ग्रहण किया है आदि की जानकारी मोबाइल, कम्प्यूटर या लेपटॉप पर देखी जा सकती है। यह पूरी जानकारी हालांकि पहले भी शाला दर्पण पोर्टल पर थी, लेकिन उसे केवल लॉगिंग आइडी से विभाग के कार्मिक ही देख सकते थे। अब यह जानकारी शाला दर्पण पोर्टल के सिटीजन पोर्टल पर सार्वजनिक की गई है।
स्कूल में भी होगी जानकारी चस्पा
शाला दर्पण पर स्कूल स्टाफ की जानकारी डालने के साथ ही विद्यालयाें में भी चस्पा करवाई जानी है। हालांकि इसके आदेश काफी पहले हो चुके थे, लेकिन कई स्कूलों में यह जानकारी चस्पा नहीं की गई। इस पर अब कार्यालय निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर की ओर से फिर यह जानकारी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस जानकारी में कार्मिक का फोटो, उसका नाम, जन्म तिथि, योग्यता व पद के साथ विषय लिखा होगा।