
Cold Wave Alert: राजस्थान के कई जिलों में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद अब मौसम साफ हो गया है, जिसके कारण जिलों में कोहरे का असर कम नजर आ रहा है। दिन में अच्छी धूप भी खिल रही है।
ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही गर्मी का आगमन होगा, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो-तीन दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं। इसके कारण फरवरी के दूसरे सप्ताह तक हल्की ठंड बनी रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार आज 27 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसमें बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, जयपुर, झुंझुनूं और पाली शामिल हैं।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि 29 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 30 और 31 जनवरी को भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में फरवरी के दूसरे सप्ताह तक सर्दी का असर बना रहने का अनुमान जताया गया है।
Updated on:
27 Jan 2025, 9:58 AM IST
Published on:
27 Jan 2025, 9:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.