
पाली के बजरंगबाड़ी स्थित मौलाना आजाद नगर में सड़क के बीच गुजरती कच्ची नालियों में भरा घरों का गंदा पानी।
Pali Nagar Parikrama : पाली शहर के मस्तान बाबा क्षेत्र में आबाद हैदर कॉलोनी व बजरंगबाड़ी सहित आसपास की कई कॉलोनियों के लोग आज भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। सालों बाद भी यहां के लोग खस्ताहाल सड़कों, कच्ची नालियों, सीवरेज की ओवरफ्लो होती हौदियों, खाली पड़े प्लॉटों में बारिश व घरों का गंदा पानी भरने, खुले पड़े ट्रांसफार्मरों सहित मकानों के ऊपर से गुजरती हाइटेंशन लाइन का दर्द झेल रहे हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदार इनकी सुध लेने आगे नहीं आ रहा है। ऐसे में आमजन खुद को ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि यहां की समस्याओं से अनजान हो, लेकिन समाधान है कि नहीं मिल पा रहा है।
इन कॉलोनियों के जाने हाल
मस्तान बाबा क्षेत्र की हैदर कॉलोनी, बजरंगबाड़ी, मौलाना आजाद नगर, शास्त्री नगर, खरादियों का न्याति नोहरा, ख्वाजा नगर, अशोक नगर, शांति नगर, नाकोड़ा नगर, रुणेचा कॉलोनी सहित कई कॉलोनियों व बस्तियों के हाल जाने।
बारिश के समय बांडी नदी की रपट पर बहता है पानी
बारिश के समय बांडी नदी की रपट पानी भरने से हैदर कॉलोनी से मस्तान बाबा जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता है। कई दिनों तक लोगों का शहर से सर्म्पक कट जाता है। क्षेत्रवासियों ने कई बार मुख्यमंत्री से लेकर जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को रपट की ऊंचाई बढा़ने की मांग की है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
नालियों की कमी
मौलाना आजाद नगर में नालियां नहीं है। बारिश व घरों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में भरता है। वहां मच्छर पनप रहे हैं। सड़कों की स्थिति भी बहुत बुरी है। कई बार शिकायत भी की, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।
-शबनम, मौलाना आजाद नगर
सड़क के बीच कच्ची नाली
खरादियों का न्याति नोहरा के निकट सड़क के बीच कच्ची नालियां निकल रही है। घर के अन्दर आना-जाना भी मुश्किल होता है। स्थानीय पार्षद को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा।
-हीना बानो, खरादियों का न्याति नोहरा
दिनभर उड़ती है धूल-मिट्टी
बजरंगबाड़ी की मुख्य सड़क पर दिनभर धूल-मिट्टी उड़ती रहती है। दुकान की बार-बार सफाई करनी पड़ती है। ट्रांसफार्मर के तारबंदी नहीं हो रखी है, जिससे हर पल करंट का खतरा रहता है। कोई सुनने वाला नहीं है।
-रामलाल गुर्जर, बजरंगबाड़ी
घरों के ऊपर हाइटेंशन लाइन
हैदर कॉलोनी में हाइटेंशन लाइन मकानों के ऊपर से गुजर रही है। एक-दो बार हादसा भी हो चुका है। सड़कों का हाल बहुत बुरा है। सीवरेज की हौदियां ओवरफ्लो होती रहती है।
-अनवर हुसैन, हैदर कॉलोनी
Updated on:
18 Dec 2023 11:33 am
Published on:
18 Dec 2023 11:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
