करंट से लाइनमैन की मौत
निमाज। कस्बे में कार्य करते समय करंट से लाइनमैन की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया।
निमाज पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई राजेन्द्र सिंह देवड़ा ने बताया कि बागियाड़ा निवासी लाइनमैन भंवरसिंह पुत्र गायडसिंह राजपूत आकेली फीडर के अंतर्गत आने वाले खेड़ा देवगढ़ के बेरा मामार पर डिस्कॉम का कार्य कर रहा था। इस दौरान करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी कार्मिक की सूचना पर कनिष्ठ अभियंता प्रेमप्रकाश पटेल मौके पर पहुंचे। झुलसे लाइनमैन को निमाज के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। सूचना पर अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार मीणा, सहायक अभियंता अमित मीणा, राजकुमार मीणा, बर सहायक अभियंता गौरव गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता प्रेमप्रकाश पटेल समेत डिस्कॉम अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस व अधिकारियों ने घटनास्थल का भी जायजा लिया। चिकित्सालय में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।