20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा मंडल अध्यक्ष के गुर्गों का ग्रामीणों पर टूटा कहर, सरकारी जमीन पर कब्जा करने के लिए बना घर गिराया

गुनौर के सुनवरहा ग्राम की घटना: 6 घायल जिला अस्पताल में भर्ती, जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन मकान को तहस-नहस कर दिया, गृहस्थी का सामान भी नष्ट कर दिया

2 min read
Google source verification
bjp mandal adhyaksh ka panna me aatank

bjp mandal adhyaksh ka panna me aatank

पन्ना। जिले के गुनौर थाना अंतर्गत सुनवरहा में शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर गुनौर भाजपा मंडल अध्यक्ष और स्थानीय कुशवाहा परिवार के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष के आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला
जानकारी के अनुसार खाली शासकीय जमीन पर छिद्दी कुशवाह व उसका परिवार पिछले कई साल से रह रहा था। भाजपा गुनौर मंडल अध्यक्ष मलखान सिंह राजपूत की भी इसी शासकीय जमीन से लगी जमीन है। आरोप है कि वे कुशवाह परिवार को कब्जा हटवाकर खुद इस पर कब्जा करना चाहते हैं, जबकि छिद्दी कुशवाहा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर पर गुजर-बसर करने के लिए जमीन पर आवेदन किया था।

जेसीबी से गिराया गया निर्माणाधीन मकान
बीती रात मलखान राजपूत व उसके दर्जनों साथियों ने कुशवाहा परिवार पर हमला बोल दिया। घायल छिद्दी कुशवाहा ने बताया कि जेसीबी से निर्माणाधीन मकान को तहस-नहस कर दिया गया। गृहस्थी का सामान भी नष्ट कर दिया। जेसीबी के सामने जब कुशवाहा परिवार के लोग आए तो उन्हें हटाने के लिए मलखान के के गुर्गों ने पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार खाली जमीन पर कब्जाधारी छिद्दी कुशवाहा व उसके भाई का बीते कई वर्षों से कब्जा था।

भाजपा नेता का कोर्ट से केस जीतने का दावा
उक्त खाली जमीन पर घर बनाने व गुजर बसर के लिए सरपंच, जनपद सदस्य सहित जनसुनवाई में गुहार लगाई थी। वहीं इस शासकीय जमीन से लगी गुनौर बीजेपी मंडल अध्यक्ष की भी जमीन है। राजपूत के परिवार के भरत सिंह पिता पूरन सिंह के अनुसार इस खाली जमीन पर केस चल रहा था। उन्होंने कहा कि कोर्ट से हम इस जमीन पर केस जीत चुके हैं। कई बार जमीन खाली करने को कहा पर कुशवाहा परिवार खाली करने को राजी नहीं था।

हमले में ये हुए घायल
जमीन पर अपने-अपने हक की लड़ाई कर रहे दोनों परिवारों से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना जब पुलिस को मिली तो मौके से कुछ लोग भाग निकले। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों में कुशवाह परिवार से छिद्दी कुशवाहा, विदेश कुशवाह, रामनरेश कुशवाह, केशकली, रज्जी व अन्य। इसके साथ ही मलखान सिंह के पक्ष से भरत सिंह पिता पूरन सिंह व अन्य को चोटें आई हैं। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांंच में लिया है।

मामला जांच में लिया
शासकीय जमीन को लकर मारपीट की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू दी है। दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया गया है। किसी के भी दबाव में एकतरफा कार्रवाई नहीं होगी।
एमके त्रिपाठी, गुनौर थाना प्रभारी