26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पन्ना युवती अपहरण कांड: 72 घंटे बाद भी खाली हाथ पुलिस, MP के बाहर जारी है सर्चिंग

बेटी के अपहरण के बाद से परिजनों का हाल बेहाल, घर में नहीं जला चूल्हा

3 min read
Google source verification
panna kidnapping girl news in hindi

panna kidnapping girl news in hindi

पन्ना। अमानगंज थाना क्षेत्र से अपहृत 18 वर्षीय युवती को लापता हुए करीब 72 घंटे हो चुके हैं और पुलिस खाली हाथ है। वारदात में शामिल मुख्य आरोपी और अपहृत युवती के बारे में कुछ नहीं पता चल पाया है। वारदात के घंटे जैसे-जैसे बढ़ते जा रहे हैं वैसे ही युवती के परिजनों की धड़कन बढ़ती जा रही है। हालत यह है कि बेटी के गम में डूबे घर में बीते तीन दिन से चूल्हा तक नहीं जला है।

पास-पड़ोस के लोग ही थोड़ा-बहुत भेाजन उपलब्ध करा देते हैं। घटना की जानकारी लगने के बाद से ही पीडि़त परिवार में रिश्तेदारों और उनके परिचितों के आने का क्रम भी जारी है। इस बीच पीडि़त परिवार को बेटी के सुरक्षित होने का भरोसा दिलाने कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा है। आईजी भी पीडि़त परिवार से मिलने उसके गांव नहीं पहुंचे। इससे जहां एक ओर परिवार के लोग गम में डूबे हुए हैं वहीं दूसरी ओर ग्रामीण आक्रोशित भी हैं।

2 आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कबूल कर ली

गौरतलब है कि अमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते दिनों पुलिस को बंधक बनाकर डायल 100 वाहन से आरोपी युवती का अपहरण कर ले गए थे। सोमवार को आईजी सतीश कुमार सक्सेना ने तीन आरोपियों राकेश, राजेश रैकवार और हेमराज कुर्मी के सागर जिले के बंडा क्षेत्र के ग्राम गनियारी से पकड़े जाने की पुष्टि की है। आईजी के अनुसार वारदात में शामिल तीनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कबूल कर ली है।

मुख्य आरोपी और अपहृत युवती अभी भी फरार

आरोपियों के पास से बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। हालांकि पूरे मामले का मुख्य आरोपी देवराज सिंह और अपहृत युवती अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। आईजी के अनुसार आरोपियों को शीघ्र से शीघ्र पकडऩे के लिए लगातार सर्चिंग की जा रही है। तलाश में एमपी और यूपी के बाहर भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

परिवार के बेहाल
बेटी के अपहरण की घटना के बाद से ही उसके परिवार के लोगों का बुरा हाल है। परिवार के लोग सुध-बुध खोए हुए हैं। महिलाओं का रो-रोकर हालत गंभीर बनी है। घर में कोई तीन दिनों से भोजन तक नहीं कर रहा है। आसपास के लोग थोड़ा बहुत भोजन दे जाते हैं उसी से काम चला लेते हैं। पूरे घटनाक्रम को लेेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश भी है। अपहृत बेटी का जल्द से जल्द पता लगाने और आरोपी देवराज को शीघ्र पकडऩे की मांग को लेकर गांव के लोग मंगलवार को कलेक्टर के पास भी पहुंचे थे। वहां २४ घंटे में आरोपी के नहीं कपड़े जाने पर आंदोलन की चेतावनी देने की बात भी सामने आई है। पीडि़त परिवार के लोगों का कहना है कि उनके पास बेटी के सुरक्षित होने तक की जानकारी नहीं है।

पवई में समाज के लोगों ने की बैठक
उधर, घटनाक्रम को लेकर मंगलवार को पवई में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें एक फरवरी को हजारों की संख्या में समाज के लोगों द्वारा कलेक्टर पन्ना एवं एसपी को ज्ञापन सौंपे जाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही अपहृत युवती को आरोपी के चंगुल से बाहर नहीं निकाला जाता तथा आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज द्वारा जिला एवं प्रदेश स्तर पर एक उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष कुर्मी समाज रामेश्वर प्रसाद पटेल, सीताराम पटेल, प्रतिपाल पटेल, नंदकिशोर, भवानी पटेल, रामकृष्ण पटेल, रामखिलावन पटेल, संतोष पटेल, रामकुमार, मुद्रिका पटेल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

गनियारी से पकड़े गए आरोपियों से की गई पूछताछ के आधार पर पता चला है कि युवती अभी तक सुरक्षित है। मुख्य आरोपी देवराज की गिरफ्तारी के लिए प्रदेश के बाहर भी सर्चिंग की जा रही है।
सतीश कुमार सक्सेना, आईजी सागर जोन