
IPS पंकज दराद
Bihar IPS Transfer: बिहार सरकार ने 12 सीनियर IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया है, जिनमें डायरेक्टर जनरल (DG) से लेकर सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) तक के अधिकारी शामिल हैं। इस लिस्ट में 1995 बैच के सख्त और कड़े तेवर वाले IPS अधिकारी पंकज कुमार दराद का नाम भी शामिल है, जो राज्य के सबसे हाई-प्रोफाइल टेंडर घोटाले की जांच की मॉनिटरिंग कर रहे थे। उन्हें स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया है। गृह विभाग ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया है।
IPS पंकज कुमार दराद ने हाल ही में भ्रष्टाचार के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे। वह स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) का नेतृत्व कर रहे थे, जो टेंडर घोटाले सहित राज्य के सबसे हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच के लिए जिम्मेदार थी। सरकार के नए नोटिफिकेशन के तहत, पंकज कुमार दराद को अब स्पेशल विजिलेंस यूनिट के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है और उन्हें पुलिस भवन निर्माण निगम का एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। SVU का अतिरिक्त प्रभार अब IPS अधिकारी सुधांशु कुमार को सौंपा गया है, जो वर्तमान में ADG (ट्रैफिक) के पद पर तैनात हैं।
पंकज कुमार दराद एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के ADG का पद भी संभाल रहे थे, जिसकी कमान अब IPS अमृत राज को सौंपी गई है। अमृत राज वर्तमान में साइबर क्राइम और सिक्योरिटी यूनिट के ADG हैं और उन्हें ATS का नया ADG नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, सुहिता अनुपम को ADG (लॉ एंड ऑर्डर) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) में ADG (वीकर सेक्शंस) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी।
Updated on:
01 Jul 2026 02:49 pm
Published on:
01 Jul 2026 02:49 pm
