
खान सर कोचिंग फायरिंग का नया वीडियो वायरल (फोटो- वीडियो ग्रैब)
Khan Sir Firing Case video: पटना के कोचिंग हब मुसल्लहपुर हाट स्थित फैसल खान उर्फ खान सर के कोचिंग सेंटर 'खान ग्लोबल स्टडीज' के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में दो नए वीडियो सामने आए हैं। पहला वीडियो लड़कियों के हॉस्टल से रिकॉर्ड किया गया था, जबकि दूसरा CCTV फुटेज है। वायरल वीडियो में चार से ज्यादा राउंड फायरिंग की आवाज साफ सुनी जा सकती है, जिससे छात्राएं बुरी तरह डर गई हैं।
सामने आए नए वीडियो में एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। वीडियो को कोचिंग सेंटर के बगल में स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की खिड़की या छत से वहां रह रही छात्राओं ने रिकॉर्ड किया है। गोलियों की आवाज के बीच छात्राओं की घबराई हुई आवाजें साफ़ सुनी जा सकती हैं। वीडियो में एक छात्रा डरी हुई आवाज में कहती है, "कितना गोली चल रहा है, मेरा हार्ट फेल कर जाएगा।" इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य छात्रा कहती है, "बताओ ना, डायरेक्ट गोली चल दिया… खान सर का बॉडीगार्ड था। ये एरिया अच्छा नहीं है।"
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घटना की तारीख और समय साफ़ दिख रहा है। जैसे ही कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक फायरिंग शुरू होती है, हॉस्टल के अंदर मौजूद लड़कियां बुरी तरह घबरा जाती हैं। फुटेज में साफ़ दिख रहा है कि गोलियों की आवाज़ सुनते ही छात्राएं घबराकर सीढ़ियों की ओर भाग रही हैं।
इससे पहले, इस मामले से जुड़ा एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हथियार लहराते हुए कोचिंग सेंटर के बाहर हवा में फायरिंग करते हुए दिख रहे थे। इस वीडियो के सामेन आने बाद पटना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों गार्ड्स को हिरासत में लिया और उनसे कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, दोनों गार्ड्स ने माना कि उन्होंने खान सर के कहने पर हवा में फायरिंग की थी।
यह पूरा विवाद 2 जून की रात करीब 10 बजे शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की बेरहमी से पिटाई की, परिसर पर पत्थर फेंके और बाहर लगे खान सर के बड़े पोस्टर और बैनर फाड़ दिए। घटना की जानकारी मिलने पर खान सर खुद मौके पर पहुंचे। शुरू में उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने फायरिंग वाली बात से पूरी तरह इनकार कर दिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद जब फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स को भी गिरफ्तार कर लिया और खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिलहाल खान सर की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है। जबकि रौशन आनंद और खान सर के बॉडीगार्ड्स फिलहाल जेल में बंद हैं, इनकी जमानत को लेकर सोमवार को फैसला आ सकता है।
Updated on:
14 Jun 2026 07:59 am
Published on:
14 Jun 2026 07:59 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
