18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरकारी आदेश के सामने झुक गया लालू परिवार? खाली होने लगा राबड़ी आवास, तेजस्वी के बंगले में शिफ्ट हो रहा सामान

Rabri Devi Bungalow: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास से निजी सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुछ सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर भेजा गया।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jun 18, 2026

lalu yadav and rabri devi bungalow

लालू यादव के साथ राबड़ी देवी (फोटो - राबड़ी देवी फेसबुक)

Rabri Devi Residence: बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राजनीति का मुख्य केंद्र और पावर सेंटर रहा है 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास अब खाली होने लगा है। गुरुवार को इस बंगले से सामान से लदे पीकअप ट्रक निकलते दिखाई दिए। इन ट्रकों में लालू परिवार का निजी उपयोग का सामान और अन्य चीजें थी, जिसे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आवंटित सरकारी आवास 1, पोलो रोड में शिफ्ट किया जा रहा था। इससे पहले भी गोला रोड स्थित गौशाला और कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास पर भी सामान शिफ्ट किया जा चुका है। हालांकि, राबड़ी देवी और लालू यादव 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास कब छोड़ेंगे यह अभी तय नहीं है।

बंगला खाली करने के लिए भेजे गए तीन नोटिस

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग (BCD) ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का निर्देश देते हुए तान बार नोटिस भेजा था। नई सरकार बनने के बाद नई आवास आवंटन नीति के तहत पहला आधिकारिक नोटिस 25 नवंबर 2025 को जारी किया गया जिसमें राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता के तौर पर '39, हार्डिंग रोड' पर एक नया बंगला आवंटित किया गया और साथ ही 10 सर्कुलर रोड स्थित पुराना बंगला खाली करने का निर्देश दिया गया। इस निर्देश के बाद भी बंगला नहीं खाली किया गया।

इसके बाद, विभाग ने बंगला खाली करने का निर्देश देते हुए 17 अप्रैल 2026 को एक रिमाइंडर नोटिस भेजा गया, फिर भी उस पर कब्जा बना रहा। हालांकि इस नोटिस में यह नहीं बताया गया कि बंगला कब तक खाली करना है। आखिरकार 29 मई 2026 को सरकार ने एक अंतिम नोटिस जारी किया। इस तीसरे नोटिस के बाद, जिला प्रशासन ने बंगला खाली करने के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम भी दिया जो 15 जून 2026 को समाप्त हो गई।

10, सर्कुलर रोड किसे अलॉट किया गया है?

पटना में 10, सर्कुलर रोड पर स्थित यह सरकारी बंगला अब बिहार सरकार में पशुपालन, डेयरी और मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट किया गया है। वे बिहार NDA सरकार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का प्रतिनिधित्व करने वाले कैबिनेट मंत्री हैं। राबड़ी देवी को जारी अंतिम नोटिस में यह साफ़ कर दिया गया था कि बंगला मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट किया गया है, जिससे लालू परिवार के लिए जगह खाली करना जरूरी हो गया।

अब लालू परिवार कहां रहेगा?

फिलहाल, 10 सर्कुलर रोड से लालू यादव परिवार के घर का जरूरी सामान और निजी चीजें ट्रकों के जरिए पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के सरकारी बंगले में शिफ्ट की जा रही हैं। हालांकि, अभी भी यह सस्पेंस बना हुआ है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी आखिर कहां रहेंगे। बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता होने के नाते, राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड पर एक नया सरकारी बंगला अलॉट किया गया है, लेकिन लालू परिवार ने अभी इसमें तुरंत शिफ्ट न होने का फैसला किया है।

इधर, पटना के कौटिल्य नगर में परिवार के आलीशान बंगले का निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है, बीते दिनों राबड़ी देवी यहां के निर्माण कार्य का जायजा लेने भी पहुंची थी। साथ ही, 10 सर्कुलर रोड से अतिरिक्त सामान को गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया गया है।

दो दशकों तक राजद की राजनीति का केंद्र रहा यह बंगला

पटना का 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला सिर्फ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं है। पिछले 20 सालों से यह बिहार में सत्ता का सबसे अहम केंद्र रहा है। यह वही ऐतिहासिक लॉन है जहां RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव बैठकर बिहार के कोने-कोने से आए वंचित लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और अपनी शिकायतें लेकर आने वालों की बातें सुनते थे। 2015 में नीतीश और लालू के बीच ऐतिहासिक महागठबंधन बनने से लेकर 2022 में नीतीश कुमार का NDA छोड़कर RJD के साथ सरकार बनाने तक के फैसले इस बंगले के बंद कमरों में ही लिए गए।