24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम ने ऐसा क्या कह दिया कि भड़क गईं रोहिणी आचार्य? AI के बहाने सम्राट चौधरी से पूछे 12 सवाल

Rohini Acharya on Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हरे गमछे वालों को एआई (AI) के जरिए ढूंढकर पकड़ने वाले बयान पर बिहार की सियासत में गमछा वॉर छिड़ गया है। मुख्यमंत्री के इस तंज से भड़कीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया है।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

May 24, 2026

rohini acharya on samrat choudhary

सम्राट चौधरी और रोहिणी आचार्य

Rohini Acharya on Samrat Choudhary: पटना में आयोजित बिहार एआई समिट के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दिए गए एक बयान पर सियासी बवाल मच गया है। मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक दो पोस्ट साझा किए हैं। जिसमें उन्होंने एआई (AI) को जरिया बनाकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पूरी राजनीतिक व व्यक्तिगत हिस्ट्री पर 12 सवाल दाग दिए हैं।

सबसे पहले जानिए सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा था

दरअसल, पटना में आयोजित दो दिवसीय बिहार एआई समिट को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कानून-व्यवस्था में तकनीक की ताकत समझा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा, 'पटना में लगभग 4,000 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। अब अगर एआई (AI) से कह दिया जाए कि हरा गमछा वालों को खोजो और पकड़ो, तो वह सभी हरा गमछा वालों को तुरंत ढूंढकर पकड़ लेगा।' हालांकि, मुख्यमंत्री ने तुरंत कहा कि यह बात उन्होंने मजाकिया लहजे में कही है और उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या दल की तरफ नहीं है। लेकिन बिहार की राजनीति में आरजेडी के नेता और कार्यकर्ता अमूमन हरे गमछे का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए विपक्ष ने इसे सीधे तौर पर अपने ऊपर हमला माना।

एआई के बहाने रोहिणी आचार्य का प्रहार

मुख्यमंत्री के इसी एआई वाले बयान पर पलटवार करते हुए रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा कि एआई (AI) से पूछ कर देखिए, ये सब बता देता है। इसके साथ ही रोहिणी ने AI से बनी एक तस्वीर साझा की। जिस पर लिखा था, 'AI बता रहा सम्राट चौधरी के झूठ! डिग्री- फर्जी, आयु प्रमाण पत्र- फर्जी, शपथपत्र- झूठा।'

रोहिणी आचार्य ने पूछे 12 सवाल

  • तारापुर नरसंहार: तारापुर नरसंहार (1997) का आरोपी कौन है और नरसंहार का आरोपी होने की वजह से जेल में था?
  • फर्जी शैक्षणिक योग्यता: फर्जी डिग्री और फर्जी उम्र प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने वाला कौन है?
  • पिता पर संगीन आरोप: किसके पिता को सेना का भगोड़ा बताया जाता है?
  • पीएम को धमकी का मामला: किसके पिता ने देश के प्रधानमंत्री को ही जमीन में जिंदा गाड़ देने की बात की थी?
  • बार-बार नाम बदलना: किसके एक नहीं चार-चार नाम (राकेश कुमार, सम्राट मौर्य आदि) हैं?
  • बिना स्कूली शिक्षा विदेशी डिग्री: किसने बिना स्कूली शिक्षा पूरी किए ही डी-लिट् की विदेशी डिग्री हासिल कर ली?
  • कमजोर अंग्रेजी पर तंज: कौन एफिडेविट को 'हाफीडिविट' बोलता है?
  • झूठे शपथपत्र: किसके चुनावी हलफनामों में अलग-अलग जानकारियां दी गई हैं?
  • मुरेठा प्रतिज्ञा विवाद: किसने बिना अपनी प्रतिज्ञा पूरी किए ही अपना मुरेठा (पगड़ी) खोल दिया और सिर के बाल मुंडवा लिए?
  • ऑन-कैमरा आचरण: किसने खुद को ऑन-कैमरा गालीबाज बताया था?
  • छेड़खानी के आरोप: किस पर पटना के बोरिंग रोड इलाके में छेड़खानी करने का आरोप है?
  • पार्टी बदलने का रिकॉर्ड: कौन कई पार्टियों के पत्तल चाट कर बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा है?

भगवा गमछा धारी जमात गुंडों से पटी - रोहिणी आचार्य

इससे पहले एक अन्य पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधे तौर पर द्वेष और पूर्वाग्रह से ग्रसित होने का आरोप लगाया। रोहिणी ने लिखा, 'भगवा गमछा धारी जमात गुंडों से पटी पड़ी है, मगर बात हरे गमछा वालों को टारगेट करने की हो रही है? देश और बिहार के तमाम माफिया, बड़े अपराधी, दंगा भड़काने वाले, कानून की धज्जियां उड़ाते हुए बंदूक लहराने वाले गैंगस्टर्स एवं बलात्कारी भगवा गमछा लहराने और भगवा मुरेठा बांधने वाली पार्टी में हैं।'

रोहिणी ने आगे कहा कि एक मुख्यमंत्री के द्वारा सार्वजनिक मंच से इस प्रकार का बयान देना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा प्रतीत होता है कि हरे गमछा वालों को टारगेट करने की बातें कह कर बिहार के मुख्यमंत्री बिहार में हिंसा भड़काना चाहते हैं और अपने राजनीतिक विरोधियों को डराना चाहते हैं। रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को उस मंच से यह भी बोल देना चाहिए था कि भगवा गमछा वालों के सात खून और हर गुनाह माफ हैं। रोहिणी ने अपने पोस्ट के अंत में सम्राट चौधरी को 'अपराधियों का सम्राट' तक कह डाला।