
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani AI)
आधुनिक जीवन की भागदौड़, अनियमित खानपान, मानसिक तनाव, प्रदूषण और शारीरिक निष्क्रियता लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे परिवेश में स्वस्थ जीवन के लिए प्रकृति की ओर लौटने की जरूरत बढ़ गई है। मधुमेह(डायबिटीज), मोटापा, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
भागदौड़ भरी लाइफ में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और प्रकृति के साथ तालमेल का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। प्राकृतिक चिकित्सा इसी सोच पर आधारित समग्र स्वास्थ्य पद्धति है, जो शरीर की स्वाभाविक कार्यक्षमता को महत्व देते हुए स्वस्थ दिनचर्या, मानसिक शांति और प्राकृतिक साधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देती है। यह केवल उपचार नहीं, बल्कि बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवन जीने का तरीका भी है। इसी उद्देश्य से हर साल 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है।
वर्ष 2026 में इसका नौवां आयोजन हो रहा है। इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ है। इसके माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मोटापे पर नियंत्रण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और रोगों की रोकथाम में जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस का ऐतिहासिक संबंध राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से है। वे प्राकृतिक चिकित्सा के प्रबल समर्थक थे और मानते थे कि स्वस्थ रहने के लिए खान पान, रहन-सहन, स्वच्छता और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उनके लिए प्राकृतिक चिकित्सा केवल उपचार नहीं, बल्कि संयमित और आत्मनिर्भर जीवन जीने का माध्यम थी।
18 नवंबर 1945 को गांधीजी पुणे में स्थापित ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने और इसके दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। इस पर डॉ. दीनशॉ मेहता और जहांगीर पटेल ने भी हस्ताक्षर किए थे, जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. सुशीला नैय्यर गवाह बने थे। ट्रस्ट का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना था।
वर्ष 1946 में गांधीजी ने पुणे के निकट उरुली कांचन में इसके प्रचार-प्रसार का अभियान आगे बढ़ाया, ताकि ग्रामीणों को कम खर्च में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और उपचार मिल सके। उनके योगदान के सम्मान में आयुष मंत्रालय ने 2018 से 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाना शुरू किया।
प्राकृतिक चिकित्सा स्वास्थ्य की समग्र पद्धति है, जो शरीर की प्राकृतिक कार्यक्षमता, संतुलन और स्वयं को स्वस्थ रखने की क्षमता को महत्व देती है। इसका आधार संतुलित भोजन, स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि और मानसिक शांति है। यह पद्धति बीमारी के लक्षणों तक सीमित न रहकर व्यक्ति की जीवनशैली को समझने पर जोर देती है।
इसमें पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश यानी पंचमहाभूतों को महत्व दिया गया है। भारतीय अवधारणा के अनुसार मानव शरीर और प्रकृति का गहरा संबंध है तथा ये पांच तत्व जीवन और स्वास्थ्य के संतुलन का आधार हैं। प्राकृतिक चिकित्सा शरीर को प्रकृति के अनुकूल रखने, अनियमित खानपान से बचने और स्वस्थ आदतें अपनाने की सलाह देती है। इसका उद्देश्य व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है।
प्राकृतिक चिकित्सा में पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश यानी पंचमहाभूतों के आधार पर अलग-अलग उपचार विधियां अपनाई जाती हैं। पृथ्वी-मिट्टी चिकित्सा, जल-जल चिकित्सा, अग्नि-नियंत्रित सूर्य प्रकाश, वायु-शुद्ध हवा व श्वसन और आकाश-विश्राम तथा खुले वातावरण से जुड़ा है। मिट्टी चिकित्सा में मिट्टी की पट्टी और स्नान, जल चिकित्सा में गर्म-ठंडे पानी से स्नान और पट्टियां शामिल हैं।
सूर्य चिकित्सा में सीमित व सुरक्षित धूप का उपयोग होता है। आहार चिकित्सा में मौसमी फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और संतुलित भोजन प्राथमिकता पाते हैं। मालिश, योग, प्राणायाम और ध्यान भी इसके अंग हैं। इन विधियों को व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित विशेषज्ञ की सलाह से अपनाना चाहिए। उपवास या विशेष आहार पद्धति विशेषज्ञ की सलाह के बिना नहीं अपनानी चाहिए।
आज के दौर में मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियां आज वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती हैं। लंबे समय तक बैठकर काम करना, फास्ट फूड का अधिक सेवन, शारीरिक गतिविधियों की कमी, अनियमित नींद और लगातार तनाव इनके प्रमुख जोखिम कारक हैं। प्राकृतिक चिकित्सा बीमारी के उपचार के साथ-साथ उसकी रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देती है।
नियमित पैदल चलना, संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, योग, ध्यान और नशे से दूरी स्वस्थ रहने की जरूरी आदतें हैं। हालांकि, इसे सभी बीमारियों का निश्चित इलाज या आधुनिक चिकित्सा का विकल्प नहीं मानना चाहिए। गंभीर और पुरानी बीमारियों में चिकित्सकीय जांच, दवाएं और उपचार आवश्यक हैं। प्राकृतिक उपाय विशेषज्ञ की सलाह से पूरक रूप में अपनाए जा सकते हैं। डॉक्टर की सलाह के बिना निर्धारित दवाएं बंद करना नुकसानदेह हो सकता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View AllPatrika+




