
बॉलीवुड के फेसम स्टार सुनील शेट्टी आज अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। सुनील का पूरा नाम सुनील वीरप्पा शेट्टी है। लंबे समय से वो फिल्मों से दूर हैं। इसके बावजूद वह हमेशा लाइम लाइट में बने रहते हैं। ये बात कम लोग ही जानते हैं कि वह एक्टर होने के साथ एक सफल बिजनेसमैन हैं। आइए जानते हैं सुनील शेट्टी की प्रॉपर्टी और उनकी कमाई के बारे में...

सुनील शेट्टी ने बहुत सी फिल्मों में बिजनेसमैन का रोल निभाया है लेकिन वो केवल फिल्मों में ही नहीं असल जिंदगी में भी सफल बिजनेसमैन हैं। सुनील का बिजनेस इतना बड़ा है कि वो हर साल लगभग 100 करोड़ रुपए की कमाई करते हैं। मुंबई के पॉश इलाके में सुनील का H20 नाम से बार और रेस्टोरेंट हैं।

मुंबई में ही नहीं बल्कि साउथ में उनके कई रेस्टोरेंट हैं जहां साउथ का स्पेशल व्यंजन मिलता है। इसके अलावा सुनील शेट्टी का खुद का बुटिक भी है। यही नहीं उनका पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट नाम से एक प्रोडक्शन हाउस है।

सुनील की तरह ही उनकी धर्मपत्नी माना शेट्टी भी एक बिजनेसवुमन हैं। उनका मुंबई के वर्ली में 'आर हाउस' (R- House) नाम से होम डेकोर का शोरूम है।

सुनील के फिल्मी कॅरियर की बात करें तो उन्होंने लगभग 110 फिल्मों में काम किया है। जिनमें 'फिर हेरा फेरी', 'धड़कन', 'ये तेरा घर ये मेरा घर', 'मोहरा' और 'गोपी किशन' जैसी हिट फिल्में शामिल हैं।