
बिंदास अभिनेत्री आलिया भट्ट कहती हैं कि वे अपनी फिल्म ‘शानदार’ के बुरी तरह असफल होने के बाद बहुत उदास हो गई थीं।

हालांकि अब वे ऐसी किसी असफलता का सामना करने के लिए तैयार हो चुकी हैं।

दरअसल शाहरुख खान के साथ एक चैट शो में आलिया ने अपने कॅरियर के उतार-चढ़ाव पर बातचीत की।

उन्होंने बताया, ‘किस्मत से मेरी 90 फीसदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं, लेकिन एक फिल्म असफल रही। मुझे लगता है कि मुझे उस असफलता ने ज्यादा शांत बना दिया है।

हालांकि तब ‘शानदार’ के असफल होने से मैं बहुत दुखी हुई थी और मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि मेरी फिल्म फ्लॉप हो गई।’

आलिया ने बताया, ‘मैं अपने पिता (डायरेक्टर महेश भट्ट) के पास गई। वह इकलौते शख्स थे, जिनसे मैंने बात की और इस दुख से उबरने के लिए मैं अकेले छुट्टियां बिताने के लिए बाहर गई।’

उन दिनों को याद करते हुए आलिया कहती हैं, ‘मैंने बहुत खराब महसूस किया लेकिन उसके बाद खुद को दिलासा देते हुए कहा ‘हो गया’।

मैंने अपनी पहली असफलता का सामना किया था और उसके बाद मैं आने वाली हर चीज के लिए तैयार हूं। मेरे पिता ने मुझे फ्रैंक सिनात्रा का एक पोस्टर भेजा, जिसमें लिखा था, बड़ी सफलता ही बेहतरीन प्रतिशोध है।’