
विश्व कप में छह के दिलचस्प आंकड़ों के बारे में जानकारी देते हुए बेंगलूरु से अंकशास्त्री श्रीकांत ने बताया कि यह अंडर-17 विश्व कप है और सात में से एक को घटाया जाए तो छह का आंकड़ा आता है। 1991 से 2005 तक इसे फीफा अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप कहा जाता था। वर्ष 2007 में इसे विश्व कप का नाम दिया गया और विश्व कप के रूप में यह छठा संस्करण है।

श्रीकांत ने बताया कि विश्व कप का छठा संस्करण 2017 में खेला जा रहा है और 2017 के आखिरी दो अंकों में सात में से एक को घटाएं तो छह आता है। टूर्नामेंट में सभी मुकाबले 17 बजे से शुरू हो रहे हैं और इसमें सात में से एक को घटाएं तो भी छह आता है।

अंग्रेजी वर्णमाला के हिसाब सेे फुटबॉल का पहला अक्षर एफ भी छठे नंबर पर आता है। फुटबॉल में कुल छह वर्ण है। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में 24 टीमें हैं, जिनका योग छह है। इन टीमों को छह ग्रुपों में बांटा गया था और इनमें 36 ग्रुप मुकाबले हुए जिसमें आखिरी नंबर छह का रहा।

16 टीमें नॉकआउट दौर में पहुंची और इसका भी आखिरी नंबर छह है। ग्रुप मैचों में फ्रांस ने न्यू कैलेडोनिया को 7-1 से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। इसमें भी सात में से एक घटाने पर छह का आंकड़ा आता है।

श्रीकांत ने बताया कि टूर्नामेंट छह अक्टूबर को शुरू हुआ और इसका समापन 28 अक्टूबर को होगा। यदि आठ में से दो को घटाया जा तो छह नंबर आता है। टूर्नामेंट भारत के छह शहरों में खेला जा रहा है।