
लोकसभा चुनाव में विधायकों और मंत्रियों को टिकट नहीं देगी आप, तीन राज्यों में उम्मीदवारों का ऐलान जल्द
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। आप ने चुनाव में मौजूदा विधायक और मंत्रियों को टिकट न देने का फैसला किया हे। इसके साथ ही जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने की भी बात कही। आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने मंगलवार को जानकारी देते हुआ बताया कि आप पार्टी ने लोकसभा चुनाव में किसी मंत्री व मौजूदा विधायक को उम्मीदवार न बनाने का फैसला किया है। आप दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष राय ने कहा कि चुनावों की अधिसूचना जारी होने से काफी पहले ही तीनों राज्यों दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा।
यहां मीडिया से बात कर रहे राय ने कहा कि मौजूदा विधायकों और मंत्रियों में से कई ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई, लेकिन पार्टी ने उनको टिकट न देने का फैसला किया है। आप नेता गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की सात संसदीय सीट में छह पर अपने प्रभारियों के नामों की घोषणा पहले ही कर चुकी है। दिल्ली में बस एक संसदीय सीट पश्चिम दिल्ली सीट पर प्रभारी की घोषणा अभी बाकी है। एक सवाल के जवाब ने उन्होंने कहा कि पार्टी तीनों राज्यों दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में चुनावी तारीख की घोषणा होने से काफी पहले अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की सभी संभावनाओं को खारिज कर दिया है। आप ने अब इन तीनों राज्यों में अकेले दम पर लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हालांकि काफी समय से आप और कांग्रेस के गठबंधन की चर्चाएं चल रही थी।
Updated on:
23 Jan 2019, 11:51 AM IST
Published on:
23 Jan 2019, 10:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.