
BJP spokesperson sambit patra says rahul gandhi is a troll
नई दिल्ली। ऑक्सीजन की किल्लत से देश में हज़ारों मौतें हुई हैं लेकिन सरकारी आंकड़ों में उन मौतों की संख्या दर्ज नहीं है। बता दें कि ऑक्सीजन से देश में किसी की मौत नहीं होने वाले सरकार के संसद में दिए बयान पर विपक्षी दलों ने पलटवार किया था। सरकार ने बुधवार को कहा कि किसी भी राज्य सरकार ने ऑक्सीजन की कमी के कारण होने वाली मौतों पर कोई डेटा नहीं भेजा है।
भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना से हुई मौतों पर कथित राजनीति करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों की भी आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, "किसी भी राज्य ने ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौतों पर कोई डेटा नहीं भेजा है और ना ही किसी राज्य ने ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी की मौत की सूचना नहीं दी है।"
स्वास्थ्य राज्य का विषय है: पात्रा
राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार के जवाब का जिक्र करते हुए पात्रा ने कहा, "मंत्री जी ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य राज्य का विषय है, केंद्र केवल राज्यों द्वारा भेजे गए डेटा को एकत्र करता है और मौतों की रिपोर्ट करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं। राज्य और केंद्र शासित प्रदेश केंद्र को नियमित आधार पर कोविड के मामलों और मौतों का डेटा प्रदान करते हैं। हालांकि, एक भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश ने अपनी रिपोर्ट में ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी भी मौत का उल्लेख नहीं किया है।"
राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, "यह निंदनीय है कि ऐसे समय में जब सभी को कोरोना वायरस बीमारी के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए एकजुट होना चाहिए, कुछ नेता गंदी राजनीति कर रहे हैं।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ट्विटर ट्रोल बताते हुए पात्रा ने कहा, "चाहे महामारी हो या वैक्सीन का मुद्दा, उन्होंने झूठ बोला और हर विषय पर भ्रम फैलाया। राहुल गांधी ने ट्विटर ट्रोल के रूप में काम करते हुए यही किया है।"
पात्रा ने दिल्ली और महाराष्ट्र सरकारों के हलफनामों का हवाला देते हुए कहा कि दोनों प्रशासनों ने उच्च न्यायालयों को सूचित किया कि एक भी मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण नहीं हुई है।
Published on:
21 Jul 2021, 7:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.