12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस को बड़ा झटका: बसपा मध्य प्रदेश में अकेले लड़ेगी चुनाव, छत्तीसगढ़ में जोगी की पार्टी से गठबंधन

लोकसभा और विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही महीनों का वक्त बचा हुआ है। सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई है।

2 min read
Google source verification
BSP supremo mayawati

कांग्रेस को बड़ा झटका, बसपा मध्य प्रदेश में अकेले लड़ेगी चुनाव, छत्तीसगढ़ में जोगी की पार्टी से गठबंधन

नई दिल्ली: इसी साल चार राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां चुनावी दंगल की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बसपा ने मध्यप्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। यहां किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करने का फैसला किया है। वहीं छत्तीसगढ़ में अजीत जोगी की पार्टी के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मध्य प्रदेश के 230 विधानसभा सीटों पर मायावती ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वहीं छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटों पर बसपा ने 35 सीटों पर उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं।

अजीत जोगी ने भाजपा पर साधा निशाना

वहीं छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस 55 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर छत्तीसगढ़ में उनका गठबंधन जीतता है तो अजीत जोगी राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। बता दें कि अजित जोगी छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वहीं अजीत जोगी ने कहा कि राज्य में पिछले 15 सालों से भाजपा का शासन है। अब छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस और बसपा एक साथ चुनाव लड़कर इसे उखाड़ फेंकेगा।

विपक्षी एकजुटता पर फिरा पानी

बसपा की इस घोषणा से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है। कई मोर्चे पर विपक्ष की एकजुटता भी दिखी है। कर्नाटक में कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में पूरा विपक्ष एक साथ मंच पर जुटा था। इसमें बसपा सुप्रीमो मायावती भी शामिल थीं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीएसपी के बीच गठबंधन की खबरें थीं लेकिन बीएसपी ने खुद इस पर विराम लगा दिया ।

चार राज्यों में होगा विधानसभा चुनाव

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में इसी साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। 40 सीटों वाली मिजोरम में अक्टूबर-नवंबर के महीने में चुनाव होगा। इसके बाद राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा में चुनाव होगा। वर्तमान में तीन राज्यों में भाजपा की सरकार है। तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सरकार बचाना किसी अग्नी परीक्षा से कम नहीं होगी।