
2014 के बाद पूरी तरह बदल चुका है पंजाब, सभी सीटों पर होगी जीत: सीएम अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दावा किया है कि उनकी पार्टी इस लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि इस बार न तो कोई मोदी लहर है और न तो भाजपा के पास दिखाने के लिए कोई उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाजपा ( BJP ) का जनाधार पूरी तरह नीचे खिसक गया है। अब लोक उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका जाएगा।
2014 के बाद पूरी तरह बदल चुका है पंजाब
अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला से कांग्रेस उम्मीदवार प्रणीत कौर ने लोकसभा चुनाव के लिए उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन भरा। सिंह ने इस मौके पर कहा कि पंजाब 2014 के बाद पूरी तरह बदल चुका है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, 'हम निश्चित ही जीतेंगे, हम बठिंडा और फिरोजपुर समेत सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।' बता दें कि बठिंडा से हरसिमरत बादल और फिरोजपुर से सुखबीर बादल चुनाव लड़ रहे हैं।
मिशन-13 को मिलेगा अंजाम
अमरिंदर ने कहा, 'पंजाब का मूड 2014 के मुकाबले पूरी तरह बदल चुका है। कांग्रेस अपने मिशन-13 को अंजाम तक पहुंचाएगी और सभी 13 सीटें राहुल गांधी को देगी।' नामांकन दायर करते वक्त अमरिंदर के बेटे रानिंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर और पोते निर्वान सभी पटियाला में मौजूद थे। सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए बताया कि पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे, लेकिन अभी तिथि और स्थान का चयन नहीं हुआ है।
19 मई को होगा पंजाब में मतदान
वहीं गुरदासपुर से अभिनेता सनी देओल के भाजपा की तरफ से खड़े होने पर बात करते हुए उन्होंने इस बात से भी इंकार किया उनके उम्मीदवार सुनील जाखड़ को किसी तरह का खतरा है। जाखड़ ने भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी में शुक्रवार को अपना नामांकन भरा था। सिंह ने कहा, 'सुनील गुरुदासपुर में जमीन पर काम कर रहे हैं, जबकि देओल की यहां कोई स्थिति नहीं बनती है। सनी देओल बॉलीवुड भाग जाएंगे और गुरुदासपुर के लोगों के लिए मौजूद नहीं रहेंगे।' पंजाब में 19 मई को मतदान होना है।
Updated on:
26 Apr 2019, 7:09 PM IST
Published on:
26 Apr 2019, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.